गोवर्धन पूजा पर देसंविवि की गौशाला में गूंजे वैदिक मंत्र, गोसेवा का लिया संकल्प

WhatsApp Channel Join Now
गोवर्धन पूजा पर देसंविवि की गौशाला में गूंजे वैदिक मंत्र, गोसेवा का लिया संकल्प


हरिद्वार, 10 नवंबर (हि.स.)। देवसंस्कृति विश्वविद्यालय परिसर स्थित गौशाला में गोवर्धन पूजा का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से गौमाता का पूजन किया गया। गौमाता को तिलक लगाकर पुष्प अर्पित किए गए और आरती उतारी गई। साथ ही गोवंश के संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लिया गया।

कार्यक्रम में शांतिकुंज एवं देवसंस्कृति विश्वविद्यालय परिवार के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान गौमाता को हरा चारा और गुड़ खिलाया गया। गौशाला की स्वच्छता एवं गोवंश की देखभाल से जुड़ी गतिविधियां भी संचालित की गईं। उपस्थित लोगों ने गोसेवा को भारतीय संस्कृति और परंपरा का अभिन्न अंग बताया।

इस अवसर पर शैफाली पंड्या ने कहा कि भारतीय संस्कृति के पर्व एवं त्योहार केवल परंपराओं के निर्वहन तक सीमित नहीं हैं, बल्कि ये जीवन को प्रकृति के अनुकूल बनाने और उसके प्रति दायित्वों का निर्वहन करने की भी प्रेरणा देते हैं।

उन्होंने कहा कि गोवंश का संरक्षण और सेवा भारतीय संस्कृति की महत्वपूर्ण परंपरा है। विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित इस पर्व के माध्यम से विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों को गोवंश के सांस्कृतिक और सामाजिक महत्व से परिचित कराया गया।

इस अवसर पर शांतिकुंज व्यवस्थापक योगेंद्र गिरि, कुलसचिव बलदाउ देवांगन सहित शांतिकुंज एवं देवसंस्कृति विश्वविद्यालय परिवार के अनेक सदस्य मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774867 Articles

Share this story