नेपाल आपदा: गोर्खाली समाज तीज महोत्सव स्थगित कर राहत कोष में भेजेगा राशि

WhatsApp Channel Join Now
नेपाल आपदा: गोर्खाली समाज तीज महोत्सव स्थगित कर राहत कोष में भेजेगा राशि


हरिद्वार, 05 सितंबर (हि.स.)। नेपाल में आई भीषण प्राकृतिक आपदा के बीच हरिद्वार के गोर्खाली समाज ने संवेदनशील पहल की है। गोर्खाली महिला कल्याण समिति ने 6 सितंबर को प्रस्तावित हरतालिका तीज महोत्सव स्थगित कर दिया है। शनिवार को हुई समिति की बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि महोत्सव पर खर्च होने वाली राशि को नेपाल के आपदा प्रभावित लोगों की सहायता के लिए नेपाल राहत कोष में भेजा जाएगा।

समिति पदाधिकारियों का कहना है कि जब पड़ोसी देश में बड़ी संख्या में लोग आपदा से प्रभावित हैं, ऐसे समय में उत्सव मनाने के बजाय पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा होना अधिक जरूरी है। समिति के संरक्षक पदम प्रसाद सुबेदी ने कहा कि संकट की इस घड़ी में गोर्खाली समाज की जिम्मेदारी है कि वह आपदा पीड़ितों के साथ खड़ा हो और हरसंभव मदद करे। अध्यक्ष पदमा पांडेय ने कहा कि मौजूदा हालात को देखते हुए समिति ने मानवीय संवेदनाओं को प्राथमिकता दी है। समिति अपने परिचितों और समाज के लोगों से भी आर्थिक सहयोग जुटाएगी ताकि राहत कोष में अधिक से अधिक सहायता भेजी जा सके।

महामंत्री शारदा सुबेदी ने बताया कि नेपाल के लिए राहत राशि एकत्र करने को अभियान चलाया जाएगा और सभी से क्षमता अनुसार सहयोग की अपील की गई है। छोटी-छोटी मदद भी जरूरतमंद परिवारों के लिए बड़ा सहारा बनेगी। गिरवर नाथ जन कल्याण धर्मार्थ ट्रस्ट के अध्यक्ष कमल खड़का ने समिति के फैसले का स्वागत करते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। कोषाध्यक्ष रेखा शर्मा, चंपा उपाध्याय और भावना शर्मा ने भी निर्णय को उचित बताते हुए कहा कि इस बार उत्सव के बजाय पीड़ितों के साथ खड़े होने का समय है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story