‘गोरखा हिमालयन फेस्टिवल’ का शुभारंभ, सांस्कृतिक संध्या में कलाकारों ने बांधा समां

WhatsApp Channel Join Now
‘गोरखा हिमालयन फेस्टिवल’ का शुभारंभ, सांस्कृतिक संध्या में कलाकारों ने बांधा समां


देहरादून, 20 फरवरी (हि.स.)। हिमालयी संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण के उद्देश्य से आयोजित ‘गोरखा हिमालयन फेस्टिवल’ का शुभारंभ शुक्रवार को साइक्लोथॉन रैली के साथ हुआ। शाम के सत्र में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ मेले और प्रदर्शनी का विधिवत उद्घाटन किया गया। फेस्टिवल के पहले दिन पर्यावरण संरक्षण का संदेश और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का अनूठा संगम देखने को मिला।

शहीद दुर्गामल्ल मेमोरियल ट्रस्ट की ओर से गढ़ी कैंट स्थित महेंद्र ग्राउंड में आयोजित इस फेस्टिवल की शुरुआत सुबह सात बजे साइक्लोथॉन रैली से हुई। इस अवसर पर सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल राम सिंह प्रधान, गोरखाली सुधार सभा के अध्यक्ष पदम सिंह थापा, ट्रस्ट की अध्यक्ष कमला थापा तथा ट्रस्ट की संरक्षक गोदावरी थापली ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। करीब 15 किलोमीटर लंबी यह रैली गढ़ी कैंट से प्रारंभ होकर बल्लूपुर और घंटाघर होते हुए पुनः कार्यक्रम स्थल पर संपन्न हुई। अतिथियों ने प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करते हुए हिमालय संरक्षण का संदेश दिया तथा स्वस्थ शरीर को सुखी जीवन का आधार बताया। रैली में सौ से अधिक साइकिलिस्टों ने सहभागिता की।

शाम को आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि हरीश रावत ने सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल राम सिंह प्रधान, ट्रस्ट के संस्थापक आचार्य पंडित सुशांत राज, ट्रस्ट की अध्यक्ष कमला थापा, गोरखाली सुधार सभा के अध्यक्ष पदम सिंह थापा एवं संरक्षक गोदावरी थापली के साथ प्रदर्शनी और मेले का शुभारंभ किया।

सांस्कृतिक संध्या में जम्मू के प्रसिद्ध जिया शर्मा एम जैक्सन बैंड ने ‘कुंजू चंचलो (ए ट्रू लव स्टोरी)’ और ‘आश्रूआ आ गोरिया’ जैसे गीत प्रस्तुत किए। सिलीगुड़ी की कलाकार सुरक्षा सिन्चुरी ने ‘भाखेमा बर पीपलू’, ‘चियाबारिमा’ और ‘रामभा हो’ गीतों से दर्शकों का मन मोहा। सिलीगुड़ी के गायक विक्रम कालीकोटी ने अपने गीतों के माध्यम से इंडियन आइडल फेम प्रशांत तमंग को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।

स्थानीय कलाकार दीप्ति राणा और देविन शाही की प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहीं। दोनों कलाकारों की जुगलबंदी पर दर्शक झूम उठे। इसके साथ ही विभिन्न सांस्कृतिक समूहों एवं कलाकारों ने भी रंगारंग प्रस्तुतियां दीं।

ट्रस्ट की सचिव प्रभा शाह ने बताया कि शनिवार को असम से पहुंची सुपर डांसर विजेता नन्ही अध्यायश्री उपाध्याय की नृत्य प्रस्तुति विशेष आकर्षण रहेगी। कार्यक्रम के पहले दिन बड़ी संख्या में गणमान्य लोग, कलाकार एवं दर्शक उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story