गोरखा दशैं-दीपावली महोत्सव में नेपाली संस्कृति की छटा, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों पर झूमे दर्शक

WhatsApp Channel Join Now
गोरखा दशैं-दीपावली महोत्सव में नेपाली संस्कृति की छटा, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों पर झूमे दर्शक


देहरादून, 31 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में आयोजित गोरखा दशैं-दीपावली महोत्सव में शनिवार को दूसरे दिन शनिवार को भी नेपाली और गोरखाली संस्कृति की झलक देखने को मिली। पारंपरिक वेशभूषा में सजे कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को आकर्षित किया। महोत्सव में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और विभिन्न कार्यक्रमों का आनंद लिया।

वीर गोरखा कल्याण समिति की ओर से आयोजित तीन दिवसीय महोत्सव एवं राजकीय मेले की दूसरी सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ कृषि एवं उद्यान मंत्री गणेश जोशी ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस मौके पर पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत भी पहुंचे और आयोजकों ने केक काटकर उनका जन्मदिन मनाया।

मेले में नेपाली और गोरखाली संस्कृति, पारंपरिक परिधानों, हस्तशिल्प और खानपान से संबंधित 50 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं। इन स्टॉलों पर पारंपरिक वस्तुओं और स्थानीय व्यंजनों के प्रति लोगों ने रुचि दिखाई।

समिति के अध्यक्ष कमल थापा ने कहा कि महोत्सव का आयोजन प्रतिवर्ष गोरखा और नेपाली समुदाय की संस्कृति, परंपराओं और विरासत को संरक्षित करने तथा नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से किया जाता है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन विभिन्न समुदायों को एक मंच पर लाने और आपसी भाईचारे को मजबूत करने का माध्यम भी है।

महोत्सव में राज्य मंत्री सेवानिवृत्त कर्नल अजय कोठियाल, मालसी वार्ड के पार्षद सुमेंद्र बोहरा और भारतीय श्रमजीवी पत्रकार संघ के अध्यक्ष चंद्रवीर गायत्री विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। इनके अलावा ओलंपस स्कूल के चेयरपर्सन कुनाल शमशेर मल्ल, अभिनेता एवं मॉडल ट्विंकल दत्ता, कांग्रेस की प्रदेश कोषाध्यक्ष गोदावरी थापली सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों ने भी कार्यक्रम में भागीदारी की।

कार्यक्रम का संचालन देवेंद्र शाही, संकल्प पंत और श्याम राणा मगर ने किया। इस अवसर पर समिति के पदाधिकारी और सदस्य भी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770294 Articles

Share this story