कुंभ से पहले रंगों में निखर रही धर्मनगरी, दीवारों पर उकेरी जा रही भारतीय संस्कृति की झलक

WhatsApp Channel Join Now
कुंभ से पहले रंगों में निखर रही धर्मनगरी, दीवारों पर उकेरी जा रही भारतीय संस्कृति की झलक


हरिद्वार, 20 नवंबर (हि.स.)। कुंभ मेले से पहले धर्मनगरी हरिद्वार को भव्य और आकर्षक स्वरूप देने की तैयारियां तेज हो गई हैं। शहर की दीवारें अब भारतीय संस्कृति, धार्मिक आस्था और आध्यात्मिक विरासत के रंगों से सजने लगी हैं। हाईवे की दीवारों से लेकर चंडी देवी की पहाड़ियों तक देशभर से पहुंचे युवा कलाकार अपनी कलाकारी से हरिद्वार की तस्वीर बदलने में जुटे हैं। इन आकर्षक चित्रों के जरिए जहां श्रद्धालुओं को भारतीय संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी, वहीं पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व और कुंभ मेला अधिकारी सोनिका व जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में कुंभ नगरी के सौंदर्यीकरण का अभियान चलाया जा रहा है। कुंभ मेले में देश-विदेश से पहुंचने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं और पर्यटकों के स्वागत के लिए शहर को आकर्षक बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

इस अभियान में मास्टर ऑफ फाइन आर्ट्स (एमएफए) और बैचलर ऑफ फाइन आर्ट्स (बीएफए) की पढ़ाई कर रहे छात्र-छात्राओं को भी शामिल किया गया है। देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे युवा कलाकार दीवारों पर अपनी कल्पनाओं को रंगों के माध्यम से जीवंत कर रहे हैं। खास बात यह है कि इस पहल में बड़ी संख्या में छात्राएं भी उत्साहपूर्वक भागीदारी कर रही हैं। उन्हें प्रतिभा प्रदर्शन के साथ आर्थिक रूप से सशक्त बनने का अवसर भी मिल रहा है।

कलाकारों द्वारा दीवारों पर ग्रीन कुंभ, साधु-संतों, समुद्र मंथन, हरकी पैड़ी, महाकुंभ, रामायण, भीम लीला, शिव लीला और सती प्रसंग जैसे विषयों पर आधारित चित्र बनाए जा रहे हैं। धार्मिक और पौराणिक प्रसंगों को आकर्षक रंगों और कलात्मक शैली में प्रस्तुत किया जा रहा है। इन चित्रों के माध्यम से भारतीय धर्म, संस्कृति, परंपराओं और पौराणिक विरासत को दर्शाने के साथ ही प्रकृति एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया जा रहा है।

इस पहल से कुंभ मेले से पहले हरिद्वार की दीवारें शहर की सांस्कृतिक पहचान का नया माध्यम बन रही हैं। इससे न केवल धर्मनगरी की सुंदरता बढ़ेगी, बल्कि यहां आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को भारतीय कला एवं विरासत से रूबरू होने का अवसर भी मिलेगा। साथ ही युवा कलाकारों, विशेषकर छात्राओं को अपनी प्रतिभा निखारने और कला के क्षेत्र में पहचान बनाने का मंच मिलेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780316 Articles

Share this story