नरेंद्रनगर की रामलीला में बेटियां निभा रहीं राम, लक्ष्मण, सीता और भरत की भूमिका

WhatsApp Channel Join Now
नरेंद्रनगर की रामलीला में बेटियां निभा रहीं राम, लक्ष्मण, सीता और भरत की भूमिका


-68वें श्रीरामलीला महोत्सव में बालिकाओं को मिलीं प्रमुख पात्रों की जिम्मेदारी

-गौरी पूजन,धनुष भंग और लक्ष्मण-परशुराम संवाद के मंचन ने दर्शकों को बांधे रखा

नई टिहरी, 11 नवंबर (हि.स.)। नरेंद्रनगर में आयोजित 68वें श्रीरामलीला महोत्सव में इस बार बेटियां रामायण के प्रमुख पात्रों की भूमिका निभाकर रंगमंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं। श्रीराम, लक्ष्मण, माता सीता, भरत और शत्रुघ्न जैसे पात्रों का अभिनय बालिकाएं कर रही हैं। रामलीला देखने के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में दर्शक पहुंच रहे हैं।

मंगलवार रात रामलीला में ताड़का वध,जनकपुरी गमन, गौरी पूजन और धनुष खंडन के प्रसंगों का मंचन किया गया। इसके बाद लक्ष्मण-परशुराम संवाद ने दर्शकों को देर रात तक बांधे रखा। श्रीराम की भूमिका हिमांशी भंडारी, लक्ष्मण की रिया कैंतुरा और सीता की भूमिका प्रियांशी कैंतुरा ने निभाई। आगामी प्रसंगों में अंकिता पुंडीर भरत और सृष्टि शत्रुघ्न की भूमिका में नजर आएंगी।

माता सीता के रूप में प्रियांशी ने गौरी पूजन की भावपूर्ण प्रस्तुति दी। वहीं, सीता स्वयंवर के दौरान श्रीराम की भूमिका निभा रहीं हिमांशी ने शिव धनुष भंग किया तो पूरा पंडाल जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। लक्ष्मण और मुनि परशुराम के बीच प्रभावशाली संवाद ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। ताड़का की भूमिका में पंकज ड्यूडी और परशुराम के पात्र में विकास उनियाल ने अभिनय किया।

रामलीला समिति के सचिव द्वारिका प्रसाद जोशी ने बताया कि बेटियों को मंच पर प्रमुख भूमिकाएं देना नारी सशक्तीकरण और नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जोड़ने का प्रयास है। उन्होंने बताया कि 19 नवंबर तक चलने वाले महोत्सव में प्रतिदिन रामलीला के विभिन्न प्रसंगों का मंचन किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775405 Articles

Share this story