खुला आश्रय गृह से दो नाबालिग बालिकाएं लापता, गुमशुदगी दर्ज

WhatsApp Channel Join Now

हरिद्वार, 14 नवंबर (हि.स.)। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र स्थित खुला आश्रय गृह से दो नाबालिग बालिकाओं के लापता होने का मामला सामने आया है। आश्रय गृह की अधीक्षिका ने गुमशुदगी दर्ज कराई है। पुलिस ने दोनों की तलाश शुरू कर दी है।

आश्रय गृह की अधीक्षिका शिवानी गोयल ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि रुड़की कोतवाली पुलिस ने 26 अक्टूबर को एक बालिका को आश्रय गृह में दाखिल कराया था, जबकि एएचटीयू ने 21 अक्टूबर को दूसरी बालिका को दाखिल कराया था। शुक्रवार को दोनों बालिकाएं आश्रय गृह से पलायन कर गईं।

प्रबंधन ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला।

इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

एसएचओ ज्वालापुर चंद्रभान सिंह अधिकारी ने बताया कि शनिवार को गुमशुदगी दर्ज कर दोनों बालिकाओं की तलाश शुरू कर दी गई है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड समेत संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

इधर, आश्रय गृह से एक साथ दो बालिकाओं के भागने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि बालिकाएं अपनी मर्जी से गई हैं या कोई उन्हें बहला-फुसलाकर ले गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777159 Articles

Share this story