दर्दनाक हादसा: नाले में गिरीं दो बच्चियां, एक को बचाया, 6 साल की मासूम लापता
हरिद्वार, 08 सितंबर (हि.स.)। सिडकुल थाना क्षेत्र के रावली महदूद गांव में सोमवार देर शाम बारिश के दौरान बड़ा हादसा हो गया। नाले की पुलिया पर खेल रही दो मासूम बच्चियां तेज बहाव में बह गईं। स्थानीय लोगों ने 7 वर्षीय हिमानी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि 6 वर्षीय विधिका लापता हो गई।
लापता बच्ची विधिका पुत्री गौतम कुमार मूल रूप से ग्राम फरीदपुर मान उर्फ पपड़ावली, थाना कोतवाली देहात, जिला बिजनौर की रहने वाली है। वर्तमान में परिवार सिडकुल के रावली महदूद में कृपाल स्कूल के पास रहता है। पिता सिडकुल की फैक्ट्री में मजदूरी करते हैं।
बताया गया कि सोमवार देर शाम तेज बारिश के दौरान दोनों बच्चियां पुलिया पर खेल रही थीं। अचानक नाले में पानी बढ़ गया और दोनों संतुलन खोकर गिर गईं। शोर सुनकर आसपास के लोग बचाव में जुटे।
सूचना पर सिडकुल थाना प्रभारी अजय शाह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और एसडीआरएफ को बुलाया गया। टीम ने कई किलोमीटर तक सर्च अभियान चलाया। बारिश और तेज बहाव से रेस्क्यू में मुश्किल आई। नाले में जमा कूड़ा हटाने के लिए जेसीबी भी लगाई गई। समाचार लिखे जाने तक बच्ची का पता नहीं चल सका।
सीओ सदर सुरेंद्र प्रसाद बलूनी ने बताया कि लापता बच्ची की तलाश के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

