छात्राओं से संवाद कर टीम गौरा ने बताए अधिकार और कानून

WhatsApp Channel Join Now
छात्राओं से संवाद कर टीम गौरा ने बताए अधिकार और कानून


नई टिहरी, 09 सितंबर (हि.स.)। टिहरी पुलिस की टीम गौरा ने बुधवार को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में बालिका स्कूलों में जागरूकता अभियान चलाकर छात्राओं से संवाद किया। इस दौरान छात्राओं को उनके अधिकारों, महिला सशक्तिकरण, आत्मरक्षा और पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी दी गई।

एसएसपी श्वेता चौबे के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत टीम गौरा ने नरेंद्रनगर, हिंडोलाखाल, कीर्तिनगर, देवप्रयाग, घनसाली, मुनिकीरेती और कैंपटी थाना क्षेत्रों के बालिका विद्यालयों में पहुंचकर छात्राओं से बातचीत की। पुलिस टीम ने कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या, असुरक्षा या परेशानी होने पर छात्राएं बिना किसी संकोच के तत्काल स्थानीय पुलिस से संपर्क कर सकती हैं।

अभियान के दौरान छात्राओं को आत्मरक्षा के उपायों के साथ ही साइबर सुरक्षा, ऑनलाइन धोखाधड़ी, सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल और नशे के दुष्प्रभावों के प्रति भी जागरूक किया गया। पुलिस टीम ने स्कूलों के बाहर भी छात्राओं से संवाद कर उन्हें किसी भी आपात स्थिति में पुलिस की मदद लेने के लिए प्रेरित किया।

एसएसपी श्वेता चौबे ने कहा कि बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर सभी थाना स्तर पर टीम गौरा का गठन किया गया है। टीम लगातार विद्यालयों और सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता अभियान चलाएगी, ताकि छात्राओं में सुरक्षा के प्रति विश्वास बढ़ाने के साथ उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक किया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

Share this story