रोशनाबाद में युवती ने की आत्महत्या

WhatsApp Channel Join Now
रोशनाबाद में युवती ने की आत्महत्या


हरिद्वार, 03 मार्च (हि.स.)। हरिद्वार के सिडकुल थाना क्षेत्र के रोशनाबाद में एक 24 वर्षीय युवती ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, सोमवार देर रात सूचना मिली कि शनि मंदिर के पास एक युवती ने फांसी लगा ली है। सूचना पर सिडकुल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मृतका की पहचान सोनम (24) पुत्री वीरेंद्र सिंह, निवासी ग्राम नागल सोती, थाना मंडावली, जनपद बिजनौर (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी रोशनाबाद, हरिद्वार के रूप में हुई। वह सिडकुल क्षेत्र की एक कंपनी में कार्यरत थी।

थाना प्रभारी नितेश शर्मा ने बताया कि परिजनों के अनुसार युवती की शादी अन्य स्थान पर तय की जा रही थी, जबकि वह किसी अन्य युवक के संपर्क में थी। बताया जा रहा है कि युवक शाहजहांपुर निवासी है।

पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story