गढ़वाल लोक सभा को मिली दूसरे पासपोर्ट ऑफिस की सौगात
देहरादून, 11 अप्रैल (हि.स.)। पौड़ी जिले के कोटद्वार में शनिवार को केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा और भाजपा सांसद अनिल बलूनी ने गढ़वाल लोक सभा के दूसरे पासपोर्ट ऑफिस का उदघाटन किया।
पासपोर्ट ऑफिस खुलने से गढ़वाल के कोटद्वार, यमकेश्वर, लैंसडाउन, दुगड्डा, चौबट्टाखाल, नैनीडांडा, थलीसैंण सहित आसपास के लोगों की वर्षों पुरानी मांग पूरी हुई। इस पासपोर्ट ऑफिस द्वारा जारी नए पासपोर्ट भी लोगों को सौंपे गए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अनिल बलूनी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन को दोहराते हुए कहा, सपने नहीं, हकीकत बुनते हैं, इसीलिए सब मोदी को चुनते हैं। उन्होंने कहा कि ये मोदी जी हैं और भाजपा है - हम जो कहते हैं, करके दिखाते हैं। उन्होंने आज के पासपोर्ट ऑफिस के उद्घाटन के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को धन्यवाद देते हुए विदेश मंत्रालय और केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा का आभार प्रकट किया। उन्होंने सहयोग के लिए उत्तराखंड की भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री को भी विशेष धन्यवाद दिया।
गढ़वाल सांसद ने कहा कि गढ़वाल लोकसभा क्षेत्र की विषम भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए यह पासपोर्ट ऑफिस यहाँ के लोगों, छात्रों एवं युवाओं के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा। अब उन्हें पासपोर्ट संबंधी कार्यों के लिए दूर-दराज़ नहीं जाना पड़ेगा, जिससे समय और धन दोनों की बचत होगी। यह मोदी जी के 'ईज ऑफ लिविंग' के विजन का जीता-जागता प्रमाण है। उनके नेतृत्व में हम सपने नहीं, हकीकत बुनते हैं।
विकसित गढ़वाल के अपने संकल्प को दोहराते हुए अनिल बलूनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का संकल्प है-विकसित भारत और मेरा संकल्प है- विकसित गढ़वाल, विकसित उत्तराखंड। विकास की दृष्टि से 2026 का साल गढ़वाल के लिए ऐतिहासिक रहने वाला है जब विकास की नई इबारतें यहाँ जमीन पर उतरेंगी।
इस अवसर पर केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा ने अनिल बलूनी की कार्यक्षमता की सराहना की। मार्गेरिटा ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सरकार का लक्ष्य है, कि सरकारी सेवाएं जनता के द्वार तक पहुंचें। उन्होंने स्थानीय जनता से इस नए केंद्र का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया। मार्गेरिटा ने गढ़वाली में भाषण की शुरुआत की जिससे लोग अभिभूत दिखे।
कार्यक्रम में उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष रितु खंडूरी, प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष शैलेंद्र सिंह बिष्ट, प्रदेश मंत्री सतीश लखेड़ा, लैंसडाउन विधायक दलीप सिंह रावत, पौड़ी से विधायक राजकुमार पोरी, उत्तराखंड सरकार में राज्य मंत्री राजेंद्र अंथवाल, राज्य मंत्री ऋषि कंडवाल, कोटद्वार जिला भाजपा अध्यक्ष राज गौरव नौटियाल, पौड़ी जिलाध्यक्ष कमल किशोर रावत, पूर्व विधायक मुकेश कोली एवं भाजपा नेता बिपिन कैंथोला सहित बड़ी संख्या में भाजपा नेता, समाजसेवी एवं स्थानीय जनता उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल

