पांच महीने बाद खुले राजाजी टाइगर रिजर्व के गेट, फुल हुई चीला रेंज की सफारी

WhatsApp Channel Join Now
पांच महीने बाद खुले राजाजी टाइगर रिजर्व के गेट, फुल हुई चीला रेंज की सफारी


हरिद्वार, 15 नवंबर (हि.स.)। पांच महीने की वार्षिक बंदी के बाद रविवार को राजाजी टाइगर रिजर्व के चीला, मोतीचूर और रानीपुर जोन पर्यटकों के लिए खोल दिए गए। नए सत्र के पहले ही दिन चीला की सभी सफारी गाड़ियां बुक हो गईं। अमेरिका से आए 29 वाइल्डलाइफ स्टूडेंट समेत बड़ी संख्या में देशी-विदेशी पर्यटकों ने सफारी का आनंद लिया।

शिवालिक नगर पालिका के चेयरमैन राजीव शर्मा और वार्डन विजय सैनी ने फीता काटकर सफारी का शुभारंभ किया। पांच महीने बाद जंगल के दरवाजे खुलने से वन्यजीव प्रेमियों में खासा उत्साह दिखा। अब पर्यटक हाथी, बाघ, गुलदार, चीतल, सांभर समेत विभिन्न वन्यजीवों और पक्षियों को देख सकेंगे।

चीला पर्यटकों की पहली पसंद है। यहां 36 किलोमीटर लंबा सफारी ट्रैक है। घने जंगल, गंगा का तटीय क्षेत्र और वन्यजीवों की मौजूदगी इसे खास बनाती है। पिछले सत्र में चीला में 20,245 पर्यटकों ने सफारी की थी, जिनमें 19,139 भारतीय और 1,106 विदेशी थे। 334 ने हाथी सफारी की थी, जिससे विभाग को 53.87 लाख रुपये का राजस्व मिला था।

अमेरिका से 29 स्टूडेंट और चार शिक्षक सफारी के लिए पहुंचे हैं। दल में छह स्थानीय सदस्य भी हैं। चीला में बाघ, हाथी और विभिन्न पक्षियों को देखने का अवसर मिलता है, इसलिए विदेशी पर्यटकों में भी इसका आकर्षण है।

चीला के साथ मोतीचूर और रानीपुर जोन भी खुल गए हैं। पिछले सत्र में मोतीचूर में 659 पर्यटकों ने सफारी की थी, जिससे 12.89 लाख रुपये का राजस्व मिला था। वहीं रानीपुर से करीब 17.36 लाख रुपये की आय हुई थी।

वार्डन विजय सैनी ने बताया कि हर साल 15 नवंबर से सत्र शुरू होकर 15 जून तक सफारी चलती है। 15 नवंबर से 15 फरवरी तक सुबह 6.30 से 8 बजे और दोपहर 1.30 से 3 बजे तक प्रवेश दिया जाएगा। निर्धारित समय में जंगल से बाहर निकलना अनिवार्य होगा। प्रशासन का प्रयास वन और वन्यजीवों की सुरक्षा के साथ सुरक्षित सफारी देना है।

चेयरमैन राजीव शर्मा ने कहा कि चीला देश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल है। पहले ही दिन विदेशी पर्यटक भी पहुंचे हैं। प्राकृतिक वातावरण और वन्यजीवों की विविधता के कारण इस सीजन में भी अच्छी संख्या रहने की उम्मीद है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777407 Articles

Share this story