पूर्व सैनिकों और वीर नारियों की समस्याएं सुनीं, साहसी श्वेता पंवार सम्मानित

WhatsApp Channel Join Now
पूर्व सैनिकों और वीर नारियों की समस्याएं सुनीं, साहसी श्वेता पंवार सम्मानित


नई टिहरी, 11 नवंबर (हि.स.)। गढ़वाल राइफल्स की सतत मिलाप टीम ने बुधवार को एमडीएस पब्लिक स्कूल लंबगांव में शिविर आयोजित कर पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और उनके आश्रितों की समस्याएं सुनीं। टीम ने विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ समस्याओं का शीघ्र समाधान करने का भरोसा दिया।

21वीं गढ़वाल राइफल्स की टीम ने शिविर में छात्रवृत्ति योजना, पेंशन में बढ़ोतरी, प्रमाणपत्रों के शुद्धीकरण और जीवन प्रमाणपत्र के सत्यापन से संबंधित कार्य किए। टीम के सूबेदार दिनेश सिंह, हवलदार नरेश रमोला और नायक विकास सिंह ने कहा कि सैनिक संगठन पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों की समस्याओं के समाधान के लिए सदैव तत्पर है।

इस दौरान टीम ने देहरादून में एक बुजुर्ग की जान बचाने में साहस दिखाने वाली उत्तराखंड गौरव सम्मान से सम्मानित एमडीएस पब्लिक स्कूल की पूर्व छात्रा श्वेता पंवार को भी सम्मानित किया। वर्तमान में देहरादून में कार्यरत श्वेता ने सड़क पर जा रहे एक बुजुर्ग को बस की चपेट में आने से बचाकर साहस और मानवता की मिसाल पेश की थी।

शिविर में शामिल नहीं हो सके पूर्व सैनिकों से टीम ने उनके घर जाकर मुलाकात की। टीम ने कारगिल बलिदानी विजेंद्र सिंह चौहान की पत्नी बांसुरी देवी का हालचाल भी जाना। पूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष युद्धवीर राणा ने टीम का आभार जताया। इस दौरान संगठन ने लंबगांव में सेना की कैंटीन खोलने की मांग भी उठाई।

इस मौके पर डॉ. भान सिंह नेगी, सुंदर सिंह पंवार, चतर सिंह बर्त्वाल, जयेंद्र कंडियाल, नागेंद्र रतूड़ी, भगवान सिंह बुटोला, दिनेश राणा, मनोज रांगड़, हुकम सिंह बिष्ट, महेश रावत, वीरांगना प्रेमा देवी, विजेंद्री देवी और मुशी देवी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775405 Articles

Share this story