गढ़वाल आयुक्त से मिले कर्मचारी संगठन, पुरानी पेंशन और गोल्डन कार्ड की समस्याएं उठाईं
पौड़ी गढ़वाल, 27 मई (हि.स.)। पौड़ी गढ़वाल में विभिन्न कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों ने बुधवार को गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप से मुलाकात कर कर्मचारियों, शिक्षकों और पेंशनरों से जुड़ी समस्याओं को उठाया।
राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा,राजकीय शिक्षक संघ,उत्तरांचल फेडरेशन ऑफ मिनिस्ट्रीयल सर्विसेज एसोसिएशन और सेवानिवृत्त कर्मचारी संगठन के पदाधिकारियों ने आयुक्त से मुलाकात की।
राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा के प्रदेश महासचिव सीताराम पोखरियाल ने पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल करने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि लाखों कर्मचारी लंबे समय से इस मांग को लेकर संघर्ष कर रहे हैं और सरकार को कर्मचारियों के भविष्य की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए निर्णय लेना चाहिए।
राजकीय शिक्षक संघ के गढ़वाल मंडल अध्यक्ष जयदीप रावत और जिला अध्यक्ष भवान नेगी ने शिक्षकों की लंबित पदोन्नति का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि विभागीय प्रक्रियाओं में देरी के कारण कई शिक्षक बिना पदोन्नति के ही सेवानिवृत्त हो रहे हैं, जिससे शिक्षकों में निराशा बढ़ रही है।
उत्तरांचल फेडरेशन ऑफ मिनिस्ट्रीयल सर्विसेज एसोसिएशन के गढ़वाल मंडल अध्यक्ष रेवती नंदन डंगवाल ने गोल्डन कार्ड योजना में व्याप्त विसंगतियों और कर्मचारियों की प्रशासनिक समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि नियमित कटौती के बावजूद कर्मचारियों और पेंशनरों को योजना का पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा है।
सेवानिवृत्त कर्मचारी संगठन के महासचिव जसपाल रावत ने कहा कि सूचीबद्ध अस्पतालों द्वारा गोल्डन कार्ड स्वीकार नहीं किए जाने से पेंशनरों और कर्मचारियों को इलाज के दौरान आर्थिक और मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
सभी संगठनों ने कर्मचारी हितों से जुड़े मामलों में संवेदनशील और प्रभावी कार्रवाई की मांग की। आयुक्त आनंद स्वरूप ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इस मौके पर संदीप भट्ट, मनोज घिल्डियाल, अंकित कठैत, दीपक गोडियाल, सुभाष चमोली सहित अन्य उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

