उपभोक्ता अधिकार, जागरूकता और सामाजिक उत्तरदायित्व पर हुआ मंथन

WhatsApp Channel Join Now
उपभोक्ता अधिकार, जागरूकता और सामाजिक उत्तरदायित्व पर हुआ मंथन


हरिद्वार, 05 अप्रैल (हि.स.):

गायत्री तीर्थ शांतिकुंज में अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत की दो दिवसीय राष्ट्रीय साधारण सभा संपन्न आज हो गई। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से प्रेरित इस संगठन की बैठक में देशभर से आए प्रतिनिधियों ने उपभोक्ता अधिकारों, संगठन की भूमिका और सामाजिक जागरूकता जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया।

इस अवसर पर शांतिकुंज के व्यवस्थापक योगेन्द्र गिरि ने कहा कि राष्ट्र के समग्र विकास के लिए सकारात्मक सोच वाले जागरूक नागरिकों की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि अखिल विश्व गायत्री परिवार समाज में नैतिक मूल्यों और संस्कारों के प्रसार के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य के विचारों का उल्लेख करते हुए उनके सिद्धांतों को समाज और राष्ट्र के संतुलित विकास के लिए मार्गदर्शक बताया।

कार्यक्रम में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष नारायण भाई शाह, उपाध्यक्ष आशा सिंह सहित अन्य पदाधिकारियों ने उपभोक्ता जागरूकता, युवा सशक्तिकरण और सामाजिक उत्तरदायित्व को प्राथमिकता बताते हुए संगठन की भावी योजनाओं पर प्रकाश डाला।

दो दिवसीय आयोजन के दौरान ‘ग्राहक दृष्टि’ नामक पुस्तिका का भी विमोचन किया गया। सभा में उत्तर प्रदेश, गुजरात, उत्तराखंड, दिल्ली और कर्नाटक सहित विभिन्न राज्यों से आए लगभग 250 प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story