(अपडेट) गंगोत्री से केदारनाथ जा रही श्रद्धालुओं की बस पलटी, पांच घायल
नई टिहरी, 01 जून (हि. स.)। गंगोत्री से केदारनाथ जा रही चारधाम यात्रियों की एक बस ऋषिकेश-गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर जौलंगी गांव के पास अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। बस में कुल 22 लोग सवार थे। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी यात्रियों को बस से बाहर निकाला और पांच घायलों को उपचार के लिए जिला व चंबा अस्पताल भेज दिया।
सोमवार को सुबह करीब 10 बजे धरासू-चम्बा राष्ट्रीय राजमार्ग पर कंडीखाल से तीन किमी चम्बा की ओर यात्रियों की बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। बस में कुल कुल 22 लोग सवार थे। जिनमें 18 यात्री, 2 कुक सहित ड्राइवर व कंडक्टर शामिल हैं। बस पलटने की घटना में सवार पांच यात्री घायल हो गए। कंडीखाल पुलिस चौकी प्रभारी राजेंद्र कुमार ने बताया कि एक बस चारधाम यात्रियों को लेकर गंगोत्री से केदारनाथ जा रही थी। तभी कंडीखाल व चम्बा के बीच मोड़ पर बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े पिकअप वाहन को टक्कर मारने के बाद सड़क किनारे पलट गई।
इस घटना में सरल देवी (56) पत्नी अजय शर्मा निवासी नई दिल्ली, चरण सिंह (73) पुत्र सूरज भान निवासी हरियाणा, जयश्री (52) पत्नी दिनेश निवासी गुड़गांव, हरियाणा, ज्योति (37) पत्नी अमित कुमार निवासी बल्लबगढ़ हरियाणा और ओमप्रकाश गोयल (65) पुत्र ताराचंद्र निवासी हरियाणा घायल हो गए हैं। जिन्हें 108 के माध्यम से जिला चिकित्सालय बौराड़ी और सीएचसी चम्बा भेजा गया है और सभी घायल खतरे से बाहर हैं। उन्हाेंने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। यातायात के दृष्टिगत दुर्घटनाग्रस्त बस को जेसीबी के माध्यम से साइड कर दिया गया है
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

