सुरक्षा गेविंग दीवार झुकने से गंगोत्री हाईवे पर आईं दरारें, चिन्यालीसौड़ पर मंडराया संकट
उत्तरकाशी, 20 फ़रवरी (हि.स.)। टिहरी झील से हो रहे कटाव से सुरक्षा के लिए चार वर्ष पहले बनाई गई सुरक्षा गेविंग दीवार भू-धंसाव के कारण गंगोत्री हाईवे की ओर से करीब तीन मीटर नीचे झुक गई है। इससे हाईवे सहित जोगत-देवीसौड़ मोटर मार्ग पर दरारें आ गई हैं। इससे चिन्यालीसौड़ बाजार और आवासीय भवनों के लिए एक बार फिर खतरा मंडराने लगा है।
इस संबंध में नगरपालिका के पूर्व अध्यक्ष शूरवीर रांगड़ व सभासद सिद्धार्थ नौटियाल ने बताया कि टिहरी झील के कारण चिन्यालीसौड़ और आसपास के क्षेत्रों में लंबे समय से भू-कटाव की समस्या बनी हुई है। इससे मुख्य बाजार सहित गंगोत्री हाईवे और आवासीय बाजार अभी भी खतरे की जद में हैं। उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों की मांग के बाद टीएचडीसी की ओर से मुख्य बाजार के समीप झील से गंगोत्री हाईवे तक करीब 30 मीटर उंची सुरक्षा गेविंग दीवार का निर्माण किया। अब यह दीवार गंगाेत्री हाइवे की ओर
करीब तीन मीटर तक झुक गई है। यह दीवार चार वर्ष पूर्व पांच करोड़ की लागत से बनाई गई थी। लाेगाें का आराेप है कि निर्माण कार्य गुणवत्ता और निगरानी न होने के कारण झील से हो रहे कटाव के कारण यह दीवार झुक गई है। गंगोत्री हाईवे पर लगा पोल दीवार पर झूलता सा दिख रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चिरंजीव सेमवाल

