गंगा में नहाते समय गाजियाबाद का युवक बहा, सर्च जारी
हरिद्वार, 15 मार्च (हि.स.)। हरिद्वार के हरकी पैड़ी क्षेत्र में रात गंगा में नहाते समय गाजियाबाद का एक युवक तेज बहाव में बहकर लापता हो गया। घटना सुभाष घाट के पास की बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार लापता युवक की पहचान 27 वर्षीय उत्सव जौहरी पुत्र अजय कुमार जौहरी निवासी सेक्टर-23, संजय नगर, गाजियाबाद के रूप में हुई है। वह अपने चार-पांच दोस्तों के साथ घूमने के लिए हरिद्वार आया था।
बताया गया है कि शनिवार रात करीब 11 बजे सभी दोस्त सुभाष घाट के पास गंगा में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान उत्सव जौहरी ने घाट की रेलिंग से गंगा में छलांग लगा दी। छलांग लगाते समय उसका सिर पत्थर से टकरा गया, जिससे वह संतुलन खो बैठा और गहरे पानी में चला गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वह कुछ क्षण के लिए पानी की सतह पर दिखाई दिया, लेकिन तेज बहाव के कारण बहते हुए गहरे पानी में डूबकर लापता हो गया।
घटना के बाद युवक के दोस्तों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए। सूचना मिलने पर हरकी पैड़ी चौकी पुलिस और जल पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और रात में काफी देर तक सर्च अभियान चलाया, लेकिन युवक का पता नहीं चल सका।
हरकी पैड़ी चौकी प्रभारी संजीत कंडारी ने बताया कि पुलिस और जल पुलिस की टीम गंगा में लगातार सर्च अभियान चला रही है। आसपास के घाटों पर भी तलाश की जा रही है और रविवार को भी युवक की खोजबीन जारी रही।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

