गंगा में गंदगी फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

WhatsApp Channel Join Now
गंगा में गंदगी फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई


हरिद्वार, 29 जुलाई (हि.स.) प्रभागीय वनाधिकारी डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध की अध्यक्षता में बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार में जिला गंगा संरक्षण समिति की 75वीं बैठक आयोजित की गई। बैठक में गंगा संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण, घाटों की स्वच्छता और सीवेज प्रबंधन जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध ने कहा कि गंगा को स्वच्छ, निर्मल और अविरल बनाए रखना सभी विभागों की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि गंगा में कूड़ा-कचरा, ठोस अपशिष्ट या किसी भी प्रकार की गंदगी नहीं जाने दी जाएगी। इसके लिए घाटों और संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित निगरानी रखी जाए और गंगा को प्रदूषित करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए।

डीएफओ ने गंगा घाटों पर अतिक्रमण रोकने के भी निर्देश दिए। कहा कि घाटों का नियमित निरीक्षण कर जहां भी अतिक्रमण मिले, तत्काल हटाया जाए ताकि श्रद्धालुओं को सुविधा और घाटों की स्वच्छता सुनिश्चित हो सके।

बैठक में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) के संचालन की समीक्षा भी हुई।

डीएफओ ने निर्देश दिए कि सभी एसटीपी निर्धारित मानकों के अनुसार चलें और बिना उपचारित सीवेज किसी भी स्थिति में गंगा में न छोड़ा जाए।

इसके साथ ही गंगा संरक्षण से जुड़ी योजनाओं और लंबित कार्यों को समयबद्ध पूरा करने, जनजागरूकता अभियान चलाने और जनसहभागिता बढ़ाने के निर्देश दिए गए।

बैठक का संचालन जिला परियोजना अधिकारी नमामि गंगे सत्यदेव आर्य ने किया। बैठक में सीएमओ डॉ. आर.के. सिंह, पेयजल निगम की प्रोजेक्ट मैनेजर मीनाक्षी मित्तल, उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, डीपीआरओ मोहम्मद मुस्तफा खां सहित समिति के सदस्य और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story