ऑटो और सार्वजनिक वाहनों में महिलाओं की लूटने वाले गिरोह का पर्दाफाश

WhatsApp Channel Join Now

पौड़ी गढ़वाल, 01 जुलाई (हि.स.)। कोटद्वार पुलिस ने ऑटो और सार्वजनिक वाहनों में महिलाओं को निशाना बनाने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने 150 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की मदद से 3 शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

एसएसपी सर्वेश पंवार ने बताया कि बीती 23 जून को कोटद्वार कोतवाली में मोटाढाक निवासी सतेश्वरी देवी ने शिकायत दर्ज करवाई कि वह उमराव नगर से सिम्मलचौड़, कोटद्वार जाने हेतु एक ऑटो रिक्शा में सवार हुई थीं। यात्रा के दौरान कुछ दूरी पर दो महिलाएं भी उक्त ऑटो में बैठीं। ऑटो से उतरने के बाद देखा कि उनके गले में पहनी हुई सोने की चेन चोरी हो चुकी है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। मामले के खुलासे के लिए टीम का गठन किया गया। जांच के दौरान दुर्गापुरी, देवी मंदिर रोड, नजीबाबाद रोड, नजीबाबाद, हरिद्वार, मुजफ्फरनगर और मेरठ तक लगभग 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का परीक्षण किया गया। बताया कि सीसीटीवी फुटेज से पता चला कि संदिग्ध व्यक्ति दो कारों से कोटद्वार आए थे और घटना के उपरांत मेरठ की ओर रवाना हुए। मेरठ के आगे संदिग्धों की गतिविधियों का पता लगाने के लिए एक पुलिस टीम को हरियाणा क्षेत्र में और दूसरी टीम को मेरठ क्षेत्र में भेजा गया।

एसएसपी के मुताबिक जांच, तकनीकी साक्ष्यों, सर्विलांस, मुखबिर तंत्र एवं लगातार की गई पतारसी-सुरागरसी के आधार पर सामने आया कि इस घटना में मेरठ जनपद के ब्रह्मपुरी क्षेत्र निवासी एक कथित पत्रकार सतीश, उसकी पत्नी शिल्पी, उसकी बहन ज्योति व फरीदाबाद निवासी विक्रम की संलिप्तता थी। बताया कि पुलिस ने मामले में विक्रम निवासी- फरीदाबाद हरियाणा, सतीश मेरठ उत्तर प्रदेश व ज्योति, निवासी- रिवाडी हरियाणा को गिरफ्तार किया गया। जबकि प्रकरण में नामजद एवं वांछित महिला आरोपी शिल्पी निवासी नोएडा, उत्तर प्रदेश की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। एसएसपी के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि वह सुनियोजित एवं संगठित तरीके से चोरी की घटनाओं को अंजाम देते हैं। वे दो वाहनों का उपयोग करते हैं, जिनमें एक वाहन को घटना स्थल से दूर खड़ा रखा जाता है।

आरोपित महिलाएं सार्वजनिक वाहनों में आभूषण पहने महिलाओं के पास बैठकर दुपट्टे व बैग की आड़ में उनके गले से सोने की चेन व अन्य आभूषण चोरी कर लेती हैं। घटना के बाद वे अपने साथियों से संपर्क कर चोरी किए गए आभूषण दूसरे वाहन में सुरक्षित रख देती हैं, जिससे पुलिस जांच या तलाशी के दौरान बरामदगी से बच सके। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि उन्होंने कोटद्वार से चोरी की गई सोने की चेन को 1 लाख 10 हजार में बेच दिया था। आरोपियों के के कब्जे से एक लाख दस हजार रुपये की नकद धनराशी भी बरामद की गई। साथ ही घटना में प्रयुक्त दो वाहनों (कार) को भी जब्त किया गया है। बताया कि चोरी की गई चेन को खरीदने वाले व्यक्ति के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस टीम में उनि मेहराजुद्दीन, विनोद चपराना, का अनुज त्यागी, चन्द्रपाल, होमगार्ड कुलदीप, पीआरडी मनीषा, मोनिका शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story