मंत्री गणेश जोशी ने आवास पर 30 बक्सों से निकला 60 किलोग्राम से अधिक शहद
देहरादून, 18 अप्रैल (हि.स.)। प्रदेश के कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने अपने शासकीय आवास पर स्थापित मधुमक्खी बक्सों से शहद निकाला। इस दौरान 30 बक्सों से 60 किलोग्राम से अधिक शहद उत्पादन हुआ। उन्होंने विशेषज्ञों से शहद उत्पादन की प्रक्रिया की जानकारी भी ली।
मंत्री जोशी ने बताया कि उत्तराखंड में 9000 से अधिक किसान व्यावसायिक रूप से मधुमक्खी पालन कर रहे हैं, जिससे करीब 3300 मीट्रिक टन शहद का उत्पादन हो रहा है। इसके अलावा अनेक किसान छोटे स्तर पर भी इस कार्य से जुड़े हैं। राज्य में इन्डिका और मेलिफेरा प्रजातियों से मुख्य रूप से शहद उत्पादन किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि हर जिले में मधुग्राम स्थापित किए जा रहे हैं, जबकि चम्पावत और देहरादून में दो-दो मधुग्राम चयनित किए गए हैं। शहद प्रसंस्करण के लिए राज्य में 13 इकाइयां स्थापित हैं, जिनकी क्षमता 200 मीट्रिक टन प्रतिदिन से अधिक है।
मंत्री ने कहा कि सरकार द्वारा मधुमक्खी पालन को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न योजनाओं के तहत 80 प्रतिशत तक अनुदान दिया जा रहा है, जबकि राष्ट्रीय मधुमक्खीपालन एवं शहद मिशन के तहत 90 प्रतिशत तक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि 110 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से स्वीकृत मौनपालन नीति के तहत किसानों को व्यापक लाभ दिया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य शहद उत्पादन के माध्यम से किसानों की आय में वृद्धि करना और उत्तराखंड को इस क्षेत्र में अग्रणी बनाना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

