गैरसैंण विधानसभा सत्र के लिए सुरक्षा व्यवस्था रहेगी सख्त, बिना प्रवेश पत्र के कर्मचारियों के वाहन भी नहीं जा सकेंगे

WhatsApp Channel Join Now
गैरसैंण विधानसभा सत्र के लिए सुरक्षा व्यवस्था रहेगी सख्त, बिना प्रवेश पत्र के कर्मचारियों के वाहन भी नहीं जा सकेंगे


देहरादून, 17 अक्टूबर (हि.स.)। विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने 27 अक्टूबर से गैरसैंण के भराड़ीसैंण में शुरू होने वाले विधानसभा सत्र की तैयारियों की शनिवार को समीक्षा की और सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सत्र के दौरान विधानसभा कर्मचारियों के वाहन भी विधिवत प्रवेश पत्र के बिना परिसर में प्रवेश नहीं कर सकेंगे।

विधानसभा भवन,देहरादून में शासन, पुलिस प्रशासन और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विधानसभा अध्यक्ष ने बैठक में सत्र के शांतिपूर्ण और व्यवस्थित संचालन के लिए की जा रही तैयारियों पर चर्चा की गई।

बैठक में तय किया गया कि विधायकों की संस्तुति पर एक और मंत्रियों की संस्तुति पर अधिकतम दो आगंतुकों को ही प्रवेश पत्र जारी किए जाएंगे। इसका उद्देश्य विधानसभा परिसर में अनावश्यक भीड़ को नियंत्रित करना है।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि सदन की गरिमा और सुरक्षा सर्वोपरि है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए।

बैठक में यह भी तय किया गया कि विधानसभा की कार्यवाही की वीडियो रिकॉर्डिंग और वेबकास्टिंग सूचना एवं लोक संपर्क विभाग और आईटी विकास अभिकरण की ओर से की जाएगी। इससे आमजन को भी सदन की कार्यवाही देखने का अवसर मिलेगा।

सत्र के दौरान आपात स्थितियों से निपटने के लिए अग्निशमन दल को सतर्क रहने और चिकित्सा विभाग को आवश्यक चिकित्सा दल,दवाइयों और एंबुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा निर्बाध बिजली आपूर्ति,स्वच्छ पेयजल और साफ-सफाई सहित अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा गया।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि विधानसभा सत्र राज्य के विकास, जनहित के मुद्दों और नीतिगत निर्णयों पर चर्चा का महत्वपूर्ण अवसर है। इसकी गरिमा बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762776 Articles

Share this story