मुख्यमंत्री ने गदरपुर में 28.30 करोड़ की विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री ने गदरपुर में 28.30 करोड़ की विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया


गदरपुर, 31 जुलाई (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को ऊधमसिंह नगर जिले के गदरपुर में 28.30 करोड़ रुपये की लागत की आठ विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने नवनिर्मित गदरपुर बस स्टेशन का भी उद्घाटन किया।

मुख्यमंत्री ने 6.94 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हुई तीन परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 21.36 करोड़ रुपये की लागत वाली पांच नई परियोजनाओं का शिलान्यास किया। लोकार्पित परियोजनाओं में विकास खंड कार्यालय भवन, हरिचंद्र-गुरुचंद्र बंग विशाल सामुदायिक भवन तथा गदरपुर बस स्टेशन शामिल हैं। वहीं, शिलान्यास की गई योजनाओं में कंक्रीट सड़क और विभिन्न क्षेत्रों में इंटरलॉकिंग टाइल मार्गों का निर्माण शामिल है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इन विकास कार्यों से गदरपुर के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों के लोगों को भी लाभ मिलेगा और क्षेत्र के विकास को नई गति प्राप्त होगी। उन्होंने कहा कि गुलरभोज को भविष्य में प्रमुख पर्यटन एवं विकास केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और आजीविका के नए अवसर सृजित होंगे।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 'विकास भी, विरासत भी' के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। सरकार केवल योजनाओं का शिलान्यास नहीं करती, बल्कि उन्हें समयबद्ध ढंग से पूरा कर जनता को समर्पित भी करती है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि नवनिर्मित बस स्टेशन में यात्रियों के लिए आधुनिक प्रतीक्षालय, किचन और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। उन्होंने शिक्षा, पेयजल, बाढ़ सुरक्षा, महिला सशक्तीकरण तथा ग्रामीण विकास से जुड़े विभिन्न कार्यों का भी उल्लेख किया।

मुख्यमंत्री ने गदरपुर विधायक के अनुरोध पर चीनी मिल कर्मियों को सातवां वेतनमान दिलाने के लिए शीघ्र समाधान निकालने का आश्वासन दिया। उन्होंने गुलरभोज में जिम कॉर्बेट जिप्सी परमिट व्यवस्था तथा गदरपुर महाविद्यालय में भविष्य में दो स्नातकोत्तर (पीजी) पाठ्यक्रम शुरू करने की बात भी कही।

कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री प्रदीप बत्रा, विधायक अरविंद पांडे, शिव अरोरा, त्रिलोक सिंह चीमा सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story