मसूरी में बांटे 1500 फलदार पौधे,गणेश जोशी बोले-खेती और बागवानी से रुकेगा पलायन

WhatsApp Channel Join Now
मसूरी में बांटे 1500 फलदार पौधे,गणेश जोशी बोले-खेती और बागवानी से रुकेगा पलायन


मसूरी, 03 अगस्त (हि.स.)। पर्वतीय क्षेत्रों में कृषि और बागवानी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सोमवार को मसूरी के पिक्चर पैलेस चौक पर आयोजित कार्यक्रम में कृषि एवं उद्यान मंत्री गणेश जोशी ने स्थानीय लोगों को विभिन्न प्रजातियों के 1500 फलदार पौधों का वितरण किया। इस दौरान उद्यान विभाग की ओर से उन्नत किस्म के बीज, खाद और बागवानी से जुड़ी तकनीकी जानकारी भी उपलब्ध कराई गई।

इस मौके पर मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि राज्य सरकार ने इस वर्ष पूरे प्रदेश में 10 लाख फलदार पौधे वितरित करने का लक्ष्य रखा है। इसी अभियान के तहत मसूरी में 1500 पौधों का वितरण किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल पौधे बांटना नहीं, बल्कि लोगों को फल उत्पादन, पोषण और अतिरिक्त आय के साधनों से जोड़ना है।

उन्होंने बताया कि कृषि विभाग की ओर से किसानों को उन्नत किस्म के बीज उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसके साथ ही लोगों को घरों के आसपास सब्जी उत्पादन के लिए भी प्रोत्साहित किया जा रहा है, जिससे परिवारों की आवश्यकताएं स्थानीय स्तर पर पूरी हों और आय में वृद्धि हो सके।

गणेश जोशी ने कहा कि पलायन उत्तराखंड की बड़ी चुनौतियों में शामिल है। यदि गांवों में खेती, बागवानी और स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जाएं तो लोग अपने गांवों में रहकर ही सम्मानजनक आजीविका अर्जित कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि कृषि और उद्यान विभाग आधुनिक तकनीकों के माध्यम से किसानों को मजबूत बनाने का काम कर रहा है।

उन्होंने कहा कि सरकार पारंपरिक खेती के साथ-साथ फल उत्पादन, सब्जी उत्पादन और उच्च मूल्य वाली फसलों को बढ़ावा दे रही है। इससे पर्वतीय क्षेत्रों की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और ग्रामीणों को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।

इस दौरान राजनीतिक मुद्दों पर पूछे गए सवालों के जवाब में मंत्री ने कहा कि विपक्ष विभिन्न माध्यमों से सरकार को घेरने का प्रयास करता रहता है, लेकिन मसूरी की जनता विकास कार्यों के आधार पर सरकार के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि मसूरी विधानसभा क्षेत्र में जनता का विश्वास विकास कार्यों के कारण मजबूत हुआ है।

वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि उनका मुकाबला किसी विपक्षी दल से नहीं, बल्कि अपने पिछले प्रदर्शन से है। उन्होंने कहा कि जनसमर्थन बढ़ाना, विकास कार्यों को गति देना और जनता की समस्याओं का समाधान करना उनकी प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि उत्तराखंड के गांवों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। खेती और बागवानी को लाभकारी बनाकर पलायन की समस्या को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी,किसान,महिलाएं और युवा शामिल हुए। लोगों ने फलदार पौधे लेकर उन्हें घरों और खेतों में रोपित करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी, मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल, गुड मोहन राणा, विजय विंदवाल, कुशाल राणा, धनप्रकाश अग्रवाल, सचिन पंवार सहित कई लोग मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story