यूएनडब्ल्यूएच ‘आगाज-26’ में हरियाणवी गायिका दहिया के गीतों पर झूमे छात्र

WhatsApp Channel Join Now
यूएनडब्ल्यूएच ‘आगाज-26’ में हरियाणवी गायिका दहिया के गीतों पर झूमे छात्र


देहरादून, 01 नवंबर (हि.स.)। द यूनिवर्सिटी ऑफ नॉर्थ वेस्ट हिमालयाज (यूएनडब्ल्यूएच) में शनिवार शाम ‘आगाज-26’ फ्रेशर्स पार्टी एवं दीपावली महोत्सव का आयोजन किया गया। इस दौरान हरियाणवी कलाकार प्रांजल दहिया की प्रस्तुति मुख्य आकर्षण रही। उनके लोकप्रिय गीतों पर छात्र-छात्राएं जमकर थिरके।

कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय के अध्यक्ष डॉ.सुभाष चंद्र, ट्रस्टी एवं प्रबंध निदेशक नितेश कुमार, निदेशक एवं उपाध्यक्ष आशीष दहिया,सचिव हर्षवर्धन और कुलपति प्रो.(डॉ.)विजय मित्तल ने दीप प्रज्ज्वलन और मंत्रोच्चार के साथ किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि हरियाणा के पूर्व विधायक पवन सैनी भी मौजूद रहे।

कुलपति प्रो.विजय मित्तल ने कहा कि आयोजन का उद्देश्य विश्वविद्यालय परिवार में नए विद्यार्थियों का स्वागत करने के साथ भारतीय संस्कृति और परंपराओं को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों की प्रतिभा, रचनात्मकता और सामूहिक सहभागिता को मंच प्रदान करते हैं।

कार्यक्रम के पहले चरण में विद्यार्थियों ने गणेश वंदना, दुर्गा वंदना, शास्त्रीय नृत्य, उत्तराखंडी लोकनृत्य और हरियाणवी-बॉलीवुड मिश्रित नृत्य की प्रस्तुतियां दीं। विश्वविद्यालय की शिक्षिकाओं मीनाक्षी घिल्डियाल और अदिति रावत ने भी बॉलीवुड नृत्य प्रस्तुत किया। इसके अलावा विद्यार्थियों ने रैंप वॉक के माध्यम से अपनी प्रतिभा दिखाई।

समारोह में बीसीए प्रथम वर्ष के छात्र आर्यन को मिस्टर फ्रेशर और बीए एलएलबी प्रथम वर्ष की छात्रा अनन्या को मिस फ्रेशर चुना गया। विजेताओं को विश्वविद्यालय प्रबंधन की ओर से ताज और पुरस्कार प्रदान किए गए।

कार्यक्रम के अंतिम चरण में प्रांजल दहिया ने अपने लोकप्रिय हरियाणवी गीतों की प्रस्तुति दी। उनकी प्रस्तुति पर परिसर में मौजूद छात्र-छात्राएं देर तक झूमते रहे। विश्वविद्यालय में अध्ययनरत विदेशी विद्यार्थियों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया और भारतीय संस्कृति एवं संगीत का आनंद लिया।

विश्वविद्यालय अध्यक्ष डॉ.सुभाष चंद्र ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए आयोजन की सफलता का श्रेय विश्वविद्यालय परिवार को दिया। कार्यक्रम का संचालन मीनाक्षी घिल्डियाल,अदिति रावत और डॉ. रजनीश ने किया। समारोह में विश्वविद्यालय के शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक कर्मचारी और विभिन्न उद्योग समूहों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

----

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770550 Articles

Share this story