स्वच्छता के संस्कार जीवन में विकसित करना जरूरी: भारत भूषण विद्यालंकार

WhatsApp Channel Join Now
स्वच्छता के संस्कार जीवन में विकसित करना जरूरी: भारत भूषण विद्यालंकार


हरिद्वार, 01 नवंबर (हि.स.)। स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी परिवार समिति के राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत रविवार को ज्वालापुर के जटवाड़ा पुल स्थित अमर बलिदानी जगदीश वत्स पार्क में आयोजित कार्यक्रम में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी भारत भूषण विद्यालंकार ने कहा कि स्वच्छता के संस्कार जीवन में पनपें,तभी सफाई का प्रदर्शन सार्थक होगा। स्वच्छता केवल किसी विशेष अवसर का काम नहीं, बल्कि हर क्षण अपनाई जाने वाली जीवनशैली होनी चाहिए।

कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ से हुई। इसके बाद विद्यालंकार ने ध्वजारोहण किया। राष्ट्रगान के बाद उन्होंने समिति के राष्ट्रीय महासचिव जितेंद्र रघुवंशी और नगर निगम के स्वास्थ्य अधिकारी पवन कर्की के साथ अमर बलिदानी जगदीश वत्स की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर शहीद स्तंभ पर पुष्पांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर जितेंद्र रघुवंशी ने जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के नेतृत्व में चलाए जा रहे मां गंगा स्वच्छता अभियान की सराहना की। उन्होंने कहा कि नदियों को मां मानने वाले श्रद्धालुओं को उनमें कचरा डालते समय भी यह भाव बनाए रखना चाहिए। उन्होंने सेनानी परिवारों से अपने क्षेत्रों की नदियों की स्वच्छता में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।

कार्यक्रम के बाद सेनानी परिवारों के सदस्यों ने प्रशासन के साथ मिलकर शहीद जगदीश वत्स घाट की सफाई की। इसमें डॉ. वेद प्रकाश आर्य, अनुराग सिंह गौतम और आदित्य गहलोत सहित कई लोगों ने भाग लिया। जिले के सुनहरा, भगवानपुर, लक्सर, रुड़की और बहादराबाद में भी अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित किए गए।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770550 Articles

Share this story