स्वतंत्रता सेनानी परिवारों की मांगों पर मुख्यमंत्री से हुई चर्चा
देहरादून, 25 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी परिवार समिति के राष्ट्रीय महासचिव जितेंद्र रघुवंशी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर स्वतंत्रता सेनानी परिवारों से जुड़े विभिन्न मुद्दे उठाए। मुख्यमंत्री ने इन परिवारों के अधिकारों के संरक्षण का आश्वासन देते हुए प्रतिनिधिमंडल की ओर से सौंपे गए अधिकार पत्र में शामिल मांगों पर विचार करने को कहा।
महासचिव रघुवंशी ने संगठन सचिव अनुराग सिंह गौतम और कार्यकारिणी सदस्य सुरेश चंद्र सुयाल के साथ मुख्यमंत्री आवास में हुई मुलाकात के दौरान स्वतंत्रता सेनानी परिवारों के हितों से जुड़े विषयों पर चर्चा की। उन्होंने मुख्यमंत्री को उनकी पूर्व घोषणा हरिद्वार में शहीद जगदीश वत्स स्वतंत्रता सेनानी सेवा सदन बनाए जाने की याद दिलाते हुए इसके संबंध में आवश्यक कार्रवाई का आग्रह किया।
प्रतिनिधिमंडल ने स्वतंत्रता सेनानी परिवारों को दोहरी पेंशन योजना के कारण हो रही परेशानियों का मुद्दा भी उठाया। रघुवंशी ने सुझाव दिया कि स्वतंत्रता सेनानी परिवारों को मिलने वाली पेंशन किसी नौकरी के कारण नहीं, बल्कि स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान के सम्मान के रूप में दी जाती है। इसलिए यदि ‘पेंशन’ शब्द के कारण कोई समस्या उत्पन्न हो रही है तो इसका नाम बदलकर ‘सम्मान निधि’ किया जाए।
रघुवंशी ने उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों में स्वतंत्रता सेनानी परिवारों के पौत्र-पौत्री, नाती-नातिन और पुत्रवधू को भी पंजाब की तर्ज पर नि:शुल्क यात्रा की सुविधा देने का सुझाव दिया। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानी परिवारों से संबंधित मामलों पर सचिव स्तर की बैठक निर्धारित समयावधि में आयोजित किए जाने की मांग भी रखी।
प्रतिनिधिमंडल ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का जीवन परिचय जिलेवार प्रकाशित करने और उनकी जीवनी को क्षेत्रवार पाठ्यक्रम में शामिल करने का सुझाव दिया। इसके अलावा शहीद जगदीश वत्स की जयंती और पुण्यतिथि प्रदेश स्तर पर आयोजित करने और स्वतंत्रता सेनानी परिवारों के बेरोजगार युवक-युवतियों को सरकारी सेवाओं में अनुकंपा नियुक्ति दिए जाने की मांग भी रखी गई।
मुख्यमंत्री धामी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि स्वतंत्रता सेनानी परिवारों के अधिकारों और सम्मान का पूरा संरक्षण किया जाएगा। उन्होंने अधिकार पत्र में दिए गए बिंदुओं पर संबंधित स्तर पर विचार-विमर्श कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश देने की बात कही।
रघुवंशी ने मुख्यमंत्री के सकारात्मक रुख के लिए उनका आभार जताया और कहा कि समिति स्वतंत्रता सेनानी परिवारों के हितों और अधिकारों के लिए लगातार प्रयास करती रहेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

