मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता सेनानी परिवारों की समस्याओं पर अधिकारियों को दिए निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता सेनानी परिवारों की समस्याओं पर अधिकारियों को दिए निर्देश


हरिद्वार, 08 सितंबर (हि.स.)। स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी परिवार समिति के राष्ट्रीय महासचिव जितेन्द्र रघुवंशी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से उनके आवास में मुलाकात कर अधिकार पत्र सौंपा। इस मौके पर संगठन सचिव अनुराग सिंह गौतम, संयुक्त सचिव आदित्य गहलौत और सदस्य सुरेश चन्द्र सुयाल साथ रहे।

रघुवंशी ने देहरादून से लौटकर मंगलवार को बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री को उनकी घोषणा हरिद्वार में शहीद जगदीश वत्स स्वतंत्रता सेनानी सेवा सदन की याद दिलाई और मांग रखी कि असम की तर्ज पर हर जिले में सेवा सदन बने। आवासहीन परिवारों को भूखंड, दोहरी पेंशन की समस्या का समाधान, सम्मान पेंशन का नाम बदलकर सम्मान निधि करने और निधि में वृद्धि की मांग की गई।

इसके अलावा उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों में पंजाब की तरह पौत्र, पौत्री, नाती, नातिन और पुत्रवधू को निशुल्क यात्रा सुविधा, सचिव स्तर की बैठक समय पर कराने, सेनानियों का जीवन परिचय जिलेवार प्रकाशित करने, शहीद जगदीश वत्स सहित सेनानियों की जीवनी पाठ्यक्रम में शामिल करने, उनकी जयंती-पुण्यतिथि प्रदेश स्तर पर मनाने, बेरोजगार युवाओं को अनुकंपा नियुक्ति और परिवार कल्याण परिषद में उपाध्यक्षों की नियुक्ति की मांग रखी गईमुख्यमंत्री ने सभी बिंदुओं पर अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story