मुख्यमंत्री धामी ने गिनाईं भाजपा सरकार की उपलब्धियां, विपक्ष पर भी साधा निशाना

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री धामी ने गिनाईं भाजपा सरकार की उपलब्धियां, विपक्ष पर भी साधा निशाना


मुख्यमंत्री धामी ने गिनाईं भाजपा सरकार की उपलब्धियां, विपक्ष पर भी साधा निशाना


देहरादून, 23 मार्च (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड की जनता ने परंपरागत राजनीतिक मिथकों को तोड़ते हुए भारतीय जनता पार्टी को पुनः सरकार चलाने का अवसर दिया। उन्होंने कहा कि जनता के इस विश्वास को संकल्प में बदलकर सरकार निरंतर विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है।

मुख्यमंत्री धामी सोमवार को परेड मैदान पर आयोजित “जन-जन की सरकार, चार साल बेमिसाल” कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने अपनी राज्य सरकार की उपलब्धियों काे गिनाया और विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सहयोग से राज्य में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, मत्स्य समेत विभिन्न क्षेत्रों में आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। राज्य में जी-20 से जुड़े आयोजन, राष्ट्रीय खेलों सहित कई बड़े कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किए गए। चारधाम यात्रा के साथ शीतकालीन यात्रा को भी गति दी गई है। इसके अलावा इन्वेस्टर्स समिट के माध्यम से एक लाख करोड़ रुपये के निवेश की ग्राउंडिंग का कार्य किया गया है राज्य में डबल इंजन सरकार के तहत उत्तराखंड विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां प्राप्त कर रहा है।

मुख्यमंत्री धामी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकारों के दौरान खनन माफिया सक्रिय थे और भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय राज्यहित के बजाय व्यक्तिगत हितों को प्राथमिकता दी जाती थी, जबकि वर्तमान सरकार योजनाओं को पारदर्शिता के साथ लागू कर रही है और उनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा रही है। उन्होंने कहा कि पूर्व में कई योजनाएं भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाती थीं, जबकि वर्तमान सरकार शिलान्यास के साथ-साथ योजनाओं का समयबद्ध लोकार्पण भी सुनिश्चित कर रही है। सरकार दूरस्थ क्षेत्रों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाकर लगभग 12 हजार एकड़ भूमि को कब्जा मुक्त कराया गया है। उन्होंने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को लेकर भी सरकार के प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि इसे राष्ट्रहित में व्यापक समर्थन मिला है।

उन्होंने कहा कि राज्य की सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान की रक्षा के लिए सरकार प्रतिबद्ध है और किसी भी प्रकार की अवैध घुसपैठियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि “जन-जन की सरकार, चार साल बेमिसाल” कार्यक्रम के तहत आज देहरादून में भव्य रोड शो आयाेजित किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में निकले इस रोड शो में शहर की सड़कों पर जनसैलाब उमड़ पड़ा। विभिन्न मार्गों पर आमजन, पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान उत्साह, विश्वास और समर्थन का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से कार्यकर्ता और आमजन पहुंचे। रोड शो के दौरान सरकार की विकासपरक नीतियों, सुशासन और जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रमुखता से प्रस्तुत किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story