स्ट्रीट फूड वेंडर्स को मिलेगा एफओएसटीएसी प्रशिक्षण

WhatsApp Channel Join Now
स्ट्रीट फूड वेंडर्स को मिलेगा एफओएसटीएसी प्रशिक्षण


हरिद्वार, 13 जून (हि.स.)। जनपद में स्ट्रीट फूड विक्रेताओं को खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता के प्रति जागरूक एवं प्रशिक्षित बनाने के लिए प्रशासन द्वारा व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों के अनुपालन में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने एफओएसटीएसी कार्यक्रम के तहत लगभग 750 स्ट्रीट फूड वेंडर्स को प्रशिक्षण देने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

सहायक आयुक्त खाद्य संरक्षण एवं औषधि महिमानन्द जोशी ने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत 9 से 11 जून को हरिद्वार क्षेत्र में कई प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में फूड वेंडर्स ने भाग लिया। वहीं 13 से 15 जून तक शेष विक्रेताओं को विभिन्न स्थानों पर प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।

प्रत्येक प्रशिक्षण बैच में करीब 50-50 स्ट्रीट फूड विक्रेताओं को शामिल किया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान उन्हें खाद्य स्वच्छता, सुरक्षित भोजन निर्माण, व्यक्तिगत हाइजीन, साफ-सफाई, ग्राहक सुरक्षा, स्वच्छ जल के उपयोग, कचरा प्रबंधन और स्वच्छ बर्तनों के प्रयोग जैसे महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी जा रही है।

इसके अलावा खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत पंजीकरण एवं लाइसेंस की अनिवार्यता तथा संबंधित नियमों की भी विस्तृत जानकारी दी जा रही है, ताकि सभी विक्रेता निर्धारित मानकों का पालन कर सकें।

अधिकारियों के अनुसार इस पहल का मुख्य उद्देश्य आमजन को सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण और स्वच्छ खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना तथा स्ट्रीट फूड विक्रेताओं को जिम्मेदार, जागरूक और प्रशिक्षित बनाना है। इससे जनपद में खाद्य सुरक्षा मानकों को मजबूत करने के साथ-साथ उपभोक्ताओं का विश्वास भी बढ़ेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story