बर्बरीक सेना का गठन, धर्म-गाय रक्षा और सेवा का संकल्प

WhatsApp Channel Join Now
बर्बरीक सेना का गठन, धर्म-गाय रक्षा और सेवा का संकल्प


हरिद्वार, 21 सितंबर (हि.स.)। धर्म रक्षा, गाय सेवा, राष्ट्र सेवा और दीन-दुखियों की सहायता के उद्देश्य से देशभर के संतों ने हरियाणा के पानीपत स्थित चुलकाना धाम में बर्बरीक सेना का गठन किया। हरिद्वार के भूपतवाला में पत्रकार वार्ता के दौरान सेना के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी सुमितानंद महाराज ने बताया कि संगठन बाबा श्याम के संदेश ‘हारे का सहारा’ को आधार बनाकर जरूरतमंदों की मदद और समाजहित के कार्य करेगा।

उन्होंने बताया कि चुलकाना धाम में देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे संतों की मौजूदगी में संगठन का गठन किया गया। बाबा श्याम के त्याग और आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ धर्म एवं संस्कृति के संरक्षण के लिए कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

गठन के दौरान महामंडलेश्वर स्वामी सोमेश्वरानंद गिरी महाराज को अंतरराष्ट्रीय संरक्षक, सुमित आनंद महाराज को अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष और स्वामी संतोष पुरी को अंतरराष्ट्रीय संगठन मंत्री मनोनीत किया गया। माता राधिका को दिल्ली अध्यक्ष, दास महाराज को ओडिशा प्रदेश अध्यक्ष, दीपक पुजारी को हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष, स्वामी शंकरानंद पुरी को महाराष्ट्र अध्यक्ष और राजेश सिंह को मध्य प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई।

महामंडलेश्वर स्वामी सोमेश्वरानंद गिरी महाराज ने कहा कि सनातन परंपरा में सेवा का विशेष महत्व है। बर्बरीक सेना के माध्यम से समाज के जरूरतमंद वर्ग तक सहायता पहुंचाने के साथ धर्म, संस्कृति और मानव सेवा के कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने संत समाज और सनातन धर्मावलंबियों से संगठन से जुड़कर सेवा कार्यों को विस्तार देने का आह्वान किया।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story