निर्मल बाग कॉलोनी में 16 फुट लंबे अजगर से हड़कंप

WhatsApp Channel Join Now
निर्मल बाग कॉलोनी में 16 फुट लंबे अजगर से हड़कंप


हरिद्वार, 20 सितंबर (हि.स.)। निर्मल बाग कॉलोनी के पास शनिवार को करीब 16 फुट लंबे विशाल अजगर के दिखने से अफरा-तफरी मच गई। दोपहर से पहले कुछ लोगों ने अजगर को दीवार पर रेंगते देखा। जंगल से आबादी में पहुंचे अजगर को देखने के लिए भीड़ जुट गई। सूचना पर वन विभाग की टीम पहुंची, लेकिन तब तक अजगर दीवार से होते हुए करीब 40 फुट ऊंचे पेड़ पर चढ़ गया था।

शाखाओं के बीच बैठे अजगर को नीचे उतारना चुनौती बन गया। वनकर्मियों ने लोगों को दूर हटाकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया। सावधानी बरतते हुए पेड़ की कुछ डालियां काटी गईं। करीब 6 घंटे की मशक्कत के बाद देर शाम उसे सुरक्षित पकड़ लिया गया।

रेंज अधिकारी शीशपाल सिंह ने बताया कि अजगर करीब 16 फुट लंबा था। रेस्क्यू के दौरान लोगों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा गया। अजगर को सुरक्षित स्थान पर जंगल में छोड़ दिया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story