उत्तरकाशी के जंगलों में आग से कई क्षेत्रों में फैला धुएं का गुबार

WhatsApp Channel Join Now
उत्तरकाशी के जंगलों में आग से कई क्षेत्रों में फैला धुएं का गुबार


उत्तरकाशी, 05 मार्च (हि.स.)। जनपद उत्तरकाशी में गंगा घाटी से लेकर यमुना घाटी तक जंगलों में लगी आग विकराल रूप लेती जा रही है। मार्च के पहले सप्ताह में ही कई वन क्षेत्रों में आग बेकाबू हो गई है, जिससे पर्यावरण, वन संपदा और वन्यजीवों के जीवन पर गंभीर खतरा मंडराने लगा है।

जिला मुख्यालय के आसपास के जंगल भी आग की चपेट में आ गए हैं। जंगलों से उठती लपटें और चारों ओर फैला धुआं लोगों को डरा रहा है। आग के कारण पूरे क्षेत्र में धुएं का गुबार छाया हुआ है, जिससे दृश्यता भी प्रभावित हो रही है और स्थानीय लोगों को सांस लेने में दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।

जानकारी के अनुसार यमुना घाटी के अपर यमुना वन प्रभाग, टौंस क्षेत्र, गोविंद वन्यजीव विहार, धरासू बैंड के सामने के जंगलों के साथ ही यमुनोत्री हाईवे के फेदी, डुंडा, मुख्यम, बड़ाहाट और टकनौर रेंज के आसपास के जंगलों में आग लगातार धधक रही है। जंगलों में फैली आग का धुआं आसपास के रिहायशी इलाकों तक पहुंच गया है, जिससे स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ गई है।

बताया जा रहा है कि इस वर्ष शीतकाल में हिमपात और बारिश न होने के कारण हिमालयी क्षेत्रों में सूखे जैसी स्थिति बनी हुई है। इसी वजह से मार्च के शुरुआती दिनों में ही गर्मी का असर महसूस किया जा रहा है, जिससे जंगलों में आग तेजी से फैल रही है।

वन अग्नि नियंत्रण केंद्र के अनुसार उत्तरकाशी जिले की कई रेंजों में आग लगी हुई है। वन विभाग की टीमें अलग-अलग क्षेत्रों में आग बुझाने के प्रयास में जुटी हैं, लेकिन कई स्थानों पर आग पर काबू पाना चुनौती बना हुआ है।

हिन्दुस्थान समाचार / चिरंजीव सेमवाल

Share this story