होली पर राजा जी पार्क व हरिद्वार वनप्रभाग अलर्ट

WhatsApp Channel Join Now
होली पर राजा जी पार्क व हरिद्वार वनप्रभाग अलर्ट


हरिद्वार, 02 मार्च (हि.स.)। होली के पर्व पर वन क्षेत्र में असामाजिक तत्वों के प्रवेश को रोकने के लिए राजाजी टाइगर रिजर्व और वन प्रभाग की सभी रेंजों में अलर्ट जारी करने के साथ गश्त बढ़ा दी गई है है।

वन कर्मियों के लिए होली का पर्व चुनौती पूर्ण होता है। इस मौके पर हुड़दंगी जश्न मनाने के लिए वनों में घुस जाते हैं तथा कई बार वन्यजीवों का शिकार भी करते हैं। राजाजी राष्ट्रीय पार्क व हरिद्वार वनप्रभाग की सभी रेंज अलर्ट मोड पर हैं। हरिद्वार वनप्रभाग में तैनात वन कर्मियों की छुट्टियां निरस्त कर दी गई हैं ताकि इस मौके पर वन संपदा व वन्य जीवों का कोई नुकसान ना हों।

डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध के अनुसार होली के दौरान वन क्षेत्र में सघन गश्त जारी रहेगी। जो भी वन क्षेत्र में हुड़दंग मचाते पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि राजा जी पार्क की मोतीचूर रेंज में बीते रोज 6 युवकों पर वन्य अधिनियमों के तहत कार्रवाई की गई। दिल्ली से आये ये युवक सुषवा नदी के भीतर घुसकर हुडदंग मचा रहे थे। इन युवकों का चालान कर इनसे ₹ 1 लाख जुर्माना वसूला गया।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story