देहरादून में 20 अक्टूबर को होगा 181 फुट ऊंचे रावण के पुतले का दहन

WhatsApp Channel Join Now
देहरादून में 20 अक्टूबर को होगा 181 फुट ऊंचे रावण के पुतले का दहन


देहरादून में 20 अक्टूबर को होगा 181 फुट ऊंचे रावण के पुतले का दहन


21 अक्टूबर को निकलेगी भरत मिलाप की शोभायात्रा

देहरादून, 16 अक्टूबर (हि.स.)। देहरादून के परेड ग्राउंड में इस बार दशहरा पर्व पर 181 फुट ऊंचे रावण के पुतले का दहन आकर्षण का केंद्र रहेगा। बन्नू बिरादरी दशहरा कमेटी की ओर से 20 अक्टूबर को 79वां दशहरा पर्व मनाया जाएगा। इस दौरान लंका दहन, रावण दहन और आतिशबाजी के साथ शोभायात्रा निकाली जाएगी। अगले दिन 21 अक्टूबर को भरत मिलाप का आयोजन होगा।

बन्नू बिरादरी दशहरा कमेटी के प्रधान संतोख सिंह नागपाल ने शुक्रवार को परेड ग्राउंड में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि दशहरा पर्व की शुरुआत 20 अक्टूबर को दोपहर एक बजे श्री गोपीनाथ मंदिर से निकलने वाली शोभायात्रा से होगी। शोभायात्रा कालिका माता भवन पहुंचेगी, जहां श्री कालिका मंदिर समिति और संगीत मंडली की ओर से स्वरूपों का स्वागत किया जाएगा। इसके बाद शोभायात्रा मोती बाजार, राजपुर रोड और ऐश्लेहॉल होते हुए शाम 4:30 बजे परेड ग्राउंड पहुंचेगी।

परेड ग्राउंड में शाम 5:30 बजे लंका दहन किया जाएगा, जबकि शाम 6:05 बजे 181 फुट ऊंचे रावण के पुतले का दहन होगा। इसके बाद शाम 6:30 से 7:30 बजे तक आतिशबाजी का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के समापन पर शोभायात्रा दर्शनलाल चौक, घंटाघर और पलटन बाजार होते हुए कालिका मार्ग पहुंचेगी।

दशहरा पर्व के अगले दिन 21 अक्टूबर को भरत मिलाप की शोभायात्रा निकाली जाएगी। यह दोपहर एक बजे श्री गोपीनाथ मंदिर परिसर से शुरू होकर कालिका मंदिर मार्ग, चकराता रोड, कनॉट प्लेस, घंटाघर और राजपुर रोड होते हुए ओरिएंट सिनेमा से परेड ग्राउंड पहुंचेगी। यहां स्वरूपों की पूजा के बाद शोभायात्रा राजपुर रोड, घंटाघर, पलटन बाजार, कोतवाली, धामावाला, राजा रोड, हनुमान चौक और मोती बाजार होते हुए कालिका मार्ग पर संपन्न होगी।

प्रेस वार्ता की अध्यक्षता बन्नू बिरादरी के अध्यक्ष दीपक भाटिया ने की। इस दौरान कमेटी के महामंत्री पंकज कालरा, कोषाध्यक्ष रमेश खनिजो, ग्राउंड प्रमुख हरीश डोरा, संजय चांदना, राज्य मंत्री एवं अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य अशोक वर्मा, बन्नू स्कूल के अध्यक्ष अमित कपूर, संजीव विरमानी, रसिक भाटिया, वेद प्रकाश शर्मा, मीडिया प्रभारी संजीव विज, मनोज साहनी और योगेश व्यास सहित कमेटी के अन्य सदस्य मौजूद रहे।

----

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762001 Articles

Share this story