बिना लेबल की सॉस पर खाद्य विभाग का एक्शन, 351 बोतलें सीज
हरिद्वार, 29 जुलाई (हि.स.)। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने रुड़की के मतलबपुर स्थित मां भगवती फूड्स नामक सॉस निर्माण इकाई पर छापेमारी कर कार्रवाई की। मिल रही शिकायतों के बाद की गई इस जांच में फैक्ट्री में भारी अनियमितताएं पाई गईं।
जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी ने बताया कि उपायुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के नेतृत्व में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन और पवन कुमार की टीम ने निरीक्षण किया। जांच में पाया गया कि वेजिटेबल सॉस की बोतलों पर बैच नंबर, निर्माण-एक्सपायरी तिथि, निर्माता का नाम-पता, एफएसएसएआई लाइसेंस और सामग्री जैसी अनिवार्य जानकारी नहीं लिखी थी।
इतना ही नहीं, सॉस का निर्माण गंदे और अस्वास्थ्यकर वातावरण में हो रहा था। मशीनों, दीवारों और फर्श पर गंदगी थी। संचालक, पानी की जांच रिपोर्ट, कर्मचारियों के मेडिकल प्रमाण पत्र और प्लास्टिक बोतलों के फूड ग्रेड प्रमाणपत्र भी नहीं दिखा सके।
टीम ने मौके से बिना लेबल की 351 सॉस की बोतलें सीज कीं और अस्वच्छ परिस्थितियों में तैयार लगभग 8 क्विंटल सॉस मौके पर नष्ट कराया। सैंपल के तौर पर 2 बोतलें जांच को रुद्रपुर लैब भेजी गई हैं।
विभाग ने इकाई में सॉस और अन्य खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण व बिक्री पर अगले आदेश तक रोक लगा दी है। नोटिस फैक्ट्री गेट पर चस्पा किया गया है। विभाग ने कहा कि जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों पर आगे भी कड़ी कार्रवाई होगी।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

