एनएच-58 पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने की 6 प्रतिष्ठानों की जांच
हरिद्वार, 06 जून (हि.स.)। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जनपद में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए शनिवार को नेशनल हाईवे-58 पर ज्वालापुर से बहादराबाद टोल प्लाजा तक विशेष जांच अभियान संचालित किया गया।
सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी ने बताया कि जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी के निर्देशन में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने क्षेत्र के 6 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के उल्लंघन के मामले सामने आने पर दो खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए लिए गए। वहीं एक प्रतिष्ठान में गंदगी और अस्वच्छता पाए जाने पर नोटिस जारी करते हुए सुधार के निर्देश दिए गए। विभागीय टीम ने प्रतिष्ठान संचालकों को साफ-सफाई बनाए रखने, खाद्य सामग्री का सुरक्षित भंडारण करने तथा आवश्यक अभिलेखों को अद्यतन रखने के निर्देश भी दिए।
अभियान के दौरान अनियमितताएं मिलने पर एक चालान किया गया, जबकि दो खाद्य कारोबारकर्ताओं के विरुद्ध न्यायालय में वाद दायर करने की कार्रवाई भी की गई। महिमानंद जोशी ने कहा कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के साथ किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

