कांवड़ मेला: खाद्य सुरक्षा विभाग का औचक निरीक्षण, दूध, पनीर और मसालों के नमूने जांच को भेजे
हरिद्वार, 09 अगस्त (हि.स.)। कांवड़ मेला के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा आयुक्त विनय शंकर पांडेय के निर्देशों पर रविवार को हरिद्वार और रुड़की में खाद्य सुरक्षा विभाग ने औचक निरीक्षण अभियान चलाया।
सहायक आयुक्त महिमानंद जोशी के नेतृत्व में हरिद्वार की टीम ने शांतिकुंज, भूपतवाला, अपर रोड, हर की पौड़ी और बिल्केश्वर क्षेत्र के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की। इस दौरान भूपतवाला स्थित एक डेयरी से दूध और शांतिकुंज के एक ढाबे से खुली लाल-मिर्च पाउडर व हल्दी पाउडर के नमूने जांच हेतु लिए गए। वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश चन्द्र टम्टा और योगेंद्र पांडे अभियान में मौजूद रहे।
टीम ने खड़खड़ी, भूपतवाला और शांतिकुंज के होटल व ढाबा संचालकों को साफ-सफाई बनाए रखने, ताजा खाद्य सामग्री ही बेचने, बासी सामान न बेचने और खाद्य पदार्थों को ढककर रखने के निर्देश दिए।
वहीं रुड़की में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी पवन कुमार के नेतृत्व में कांवड़ पटरी मार्ग पर डेयरियों और खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। यहां पनीर के नमूने जांच के लिए लिए गए और लगभग 90 किलोग्राम खराब पनीर को मौके पर ही नष्ट करवाया गया।
विभाग ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए यह निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

