कावड़ मेला : खाद्य सुरक्षा विभाग ने की जगह छापेमारी
हरिद्वार, 01 अगस्त (हि.स.)। कांवड़ मेला के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग ने जनपद में विशेष निरीक्षण अभियान चलाकर 63 खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की। खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानन्द जोशी के नेतृत्व में कोर कॉलेज से मंगलौर तक 30 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।
इस दौरान सचल प्रयोगशाला से 65 खाद्य नमूनों की जांच की गई, जिनमें 7 अधोमानक पाए गए। सभी अधोमानक सामान मौके पर नष्ट कराया गया। मसाले, दूध व दुग्ध पदार्थों के 5 नमूने लैब भेजे गए। 5 कारोबारियों को मानकों के उल्लंघन और लाइसेंस न प्रदर्शित करने पर नोटिस दिए गए। सभी को बासी खाना न बेचने और फूड लाइसेंस व रेट सूची लगाने के भी निर्देश दिए गए।
दूसरी टीम ने वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन के नेतृत्व में हरिद्वार-दिल्ली हाईवे पर 33 स्टॉल, ढाबों और भोजनालयों का निरीक्षण किया। नया गांव स्थित एक कन्फेक्शनरी में एक्सपायरी तिथि 20 जुलाई 2026 की एप्पी फिज़ की 7 बोतलें मिलीं, जिन्हें मौके पर नष्ट कराया गया। बिना लाइसेंस व्यापार और एक्सपायरी सामान बेचने पर दुकानदार के खिलाफ न्यायालय में वाद की संस्तुति की गई है। तीन कंपनियों को पैकेजिंग और लेबलिंग के दस्तावेज देने के नोटिस भेजे गए हैं।
महिमानन्द जोशी ने बताया कि मेला समाप्ति तक अभियान जारी रहेगा और मानकों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

