खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, 150 किलो एक्सपायरी रसगुल्ले नष्ट
हरिद्वार, 09 सितंबर (हि.स.)। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने बुधवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सघन छापेमारी अभियान चलाया। खड़खड़ी, जगजीतपुर और ज्वालापुर क्षेत्र में मिठाई एवं डेयरी प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनय कुमार पांडेय ने बताया कि ज्वालापुर स्थित अवधूत मंडल आश्रम के पास एक प्रतिष्ठान के निरीक्षण के दौरान करीब 150 किलोग्राम रसगुल्ले एक्सपायरी डेट के पाए गए। विभागीय टीम ने मौके से नमूना लेने के बाद पूरे खाद्य पदार्थ को मौके पर ही नष्ट करा दिया। प्रतिष्ठान संचालक को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के उल्लंघन पर नोटिस जारी कर 14 दिन के भीतर जवाब देने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि एक ग्राहक की शिकायत पर खड़खड़ी स्थित एक डेयरी से खोये का नमूना लिया गया। इसके अलावा जगजीतपुर फुटबॉल ग्राउंड के पास स्थित तीन डेयरी प्रतिष्ठानों से पनीर के दो और खुले दूध का एक नमूना जांच के लिए लिया गया।
वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश चंद्र टम्टा ने ज्वालापुर क्षेत्र में 10 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर कुल पांच नमूने लिए। इनमें पनीर के दो तथा खोया, खुले दूध और रसगुल्ले का एक-एक नमूना शामिल है। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने कहा कि मिलावटी, दूषित और असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा। मानकों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

