कांवड़ यात्रा से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग अलर्ट, 19 खाद्य नमूने फेल

WhatsApp Channel Join Now
कांवड़ यात्रा से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग अलर्ट, 19 खाद्य नमूने फेल


हरिद्वार, 4 जुलाई (हि.स.)। आगामी कांवड़ यात्रा-2026 को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने यात्रा मार्ग पर विशेष निगरानी शुरू कर दी है। विभाग ने चार विशेष टीमें तैनात की हैं, जो होटल, ढाबों, भोजनालयों और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का नियमित निरीक्षण करेंगी। साथ ही मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब के माध्यम से मौके पर ही खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की जाएगी।

जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी एमएन जोशी ने बताया कि जून माह में चारधाम यात्रा के दौरान होटल, ढाबों, मिठाई की दुकानों और डेयरी प्रतिष्ठानों से दूध, दही, पनीर, मावा, मसाले और पेय पदार्थों के सैंपल लिए गए थे। इनमें से 19 नमूने प्रयोगशाला जांच में मानकों पर खरे नहीं उतरे। संबंधित कारोबारियों के खिलाफ एडीएम कोर्ट में वाद दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष कांवड़ मेले में चार करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए इस बार भी व्यापक तैयारियां की गई हैं। चार विशेष टीमें यात्रा मार्ग पर लगातार निरीक्षण करेंगी। यदि किसी प्रतिष्ठान में मिलावट, गंदगी, अस्वच्छ वातावरण अथवा खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित संचालक के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने यात्रा मार्ग पर संचालित सभी होटल, ढाबों और खाद्य प्रतिष्ठानों को वैध फूड लाइसेंस, रेट लिस्ट तथा संचालक का नाम, पता और संपर्क नंबर प्रमुखता से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए हैं। विभाग का कहना है कि इससे श्रद्धालुओं को पारदर्शी जानकारी मिलेगी और शिकायतों के निस्तारण में सुविधा होगी।

अधिकारियों के अनुसार सीमित स्टाफ के बावजूद अभियान लगातार जारी रहेगा। हाल ही में विभाग को हरिद्वार में स्थायी कार्यालय मिलने के बाद उपलब्ध संसाधनों के आधार पर विभिन्न क्षेत्रों में टीमें तैनात की गई हैं, ताकि यात्रा मार्ग के साथ-साथ शहर के अन्य बाजारों में भी नियमित सैंपलिंग और निरीक्षण हो सके।

जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने कहा कि विभाग का उद्देश्य केवल चालान या मुकदमे दर्ज करना नहीं, बल्कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं और आम लोगों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि पूरे मेले के दौरान मिलावटखोरों और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story