खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, पिज़्ज़ा स्टोर्स से लिए गए सैंपल

WhatsApp Channel Join Now
खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, पिज़्ज़ा स्टोर्स से लिए गए सैंपल


हल्द्वानी, 21 अप्रैल 2026 (हि.स.)। गर्मी के मौसम को देखते हुए खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रशासन सख्त हो गया है। इसी क्रम में मंगलवार को हल्द्वानी में खाद्य सुरक्षा विभाग ने कई पिज़्ज़ा स्टोर्स पर अचानक छापेमारी कर खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र किए। कार्रवाई से कारोबारियों में हड़कंप मच गया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने किचन की साफ-सफाई,खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और स्टोरेज व्यवस्था की गहन जांच की। कई प्रतिष्ठानों में व्यवस्थाओं का विस्तृत परीक्षण किया गया और संचालकों को निर्देश दिए गए कि ग्राहकों को केवल ताजा और स्वच्छ भोजन ही परोसा जाए।

खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान आम जनता के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए चलाया जा रहा है, ताकि बासी या अस्वच्छ भोजन से किसी भी प्रकार का स्वास्थ्य जोखिम न उत्पन्न हो।

अधिकारियों ने चेतावनी दी कि खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। विभाग का कहना है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और शहरभर में औचक निरीक्षण किए जाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता

Share this story