होटल के किचन में एक्सपायरी दूध-ब्रेड से बन रहा था खाना, 120 किलो आटा सीज

WhatsApp Channel Join Now
होटल के किचन में एक्सपायरी दूध-ब्रेड से बन रहा था खाना, 120 किलो आटा सीज


हरिद्वार, 16 अक्टूबर (हि.स.)। नवरात्र पर्व और चारधाम यात्रा के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग ने भूपतवाला क्षेत्र में होटलों और रेस्टोरेंटों का आकस्मिक निरीक्षण किया। सप्तऋषि चुंगी के पास स्थित होटल शांति हेरिटेज के किचन में एक्सपायरी तिथि के बाद के दूध और ब्रेड का इस्तेमाल भोजन तैयार करने में किया जा रहा था। वहीं, आवश्यक लेबल संबंधी जानकारियों के बिना रखे गए 120 किलोग्राम आटे को विभाग ने सीज कर दिया।

सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा महिमानंद जोशी के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश चंद्र टम्टा ने होटल का निरीक्षण किया। जांच में एक्सपायरी तिथि के बाद के लगभग 20 पैकेट दूध और ब्रेड मिले, जिन्हें मौके पर ही नष्ट करा दिया गया। इसके अलावा 10-10 किलोग्राम के आटे के 12 सीलबंद कट्टे मिले। इन पर पैकिंग तिथि, एक्सपायरी तिथि, एमआरपी और बैच नंबर सहित आवश्यक जानकारियां अंकित नहीं थीं। आटे का विधिक नमूना लेकर शेष सामग्री सीज कर होटल प्रबंधन की अभिरक्षा में रखवा दी गई।

शेफ और डायरेक्टर पर कार्रवाई प्रस्तावित

खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन के मामले में होटल के शेफ और नॉमिनी/डायरेक्टर के विरुद्ध संबंधित अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई प्रस्तावित की गई है। विभाग के अनुसार, संबंधित प्रावधानों के तहत अधिकतम तीन लाख रुपये तक के अर्थदंड का प्रावधान है।

निरीक्षण के दौरान होटल प्रबंधन पेयजल और खाद्य पदार्थों की जांच रिपोर्ट, पेस्ट कंट्रोल रिकॉर्ड, कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र, खाद्य सामग्री की खरीद के बिल और कंपनी व होटल संचालन से जुड़े अन्य जरूरी दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं कर सका। विभाग ने सभी अभिलेख एक सप्ताह के भीतर कार्यालय में जमा कराने के निर्देश दिए हैं।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ निरीक्षण और कार्रवाई का अभियान जारी रहेगा। खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762088 Articles

Share this story