आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता और कीमतों पर रखें सतत निगरानी: मुख्य सचिव
देहरादून, 29 मई (हि. स.)। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने शुक्रवार को सचिवालय में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के साथ प्रदेश में खाद्यान्न एवं दैनिक आवश्यकताओं की वस्तुओं की उपलब्धता और मूल्य स्थिति की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने आयुक्त खाद्य बीएल राणा से आवश्यक उपभोक्ता वस्तुओं की उपलब्धता और बाजार कीमतों की जानकारी ली।
मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि आमजन को रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुएं उचित दरों पर निर्बाध रूप से उपलब्ध कराई जाएं। इसके लिए संबंधित विभागों को लगातार और नियमित मॉनिटरिंग करने को कहा गया। उन्होंने बाजार में खाद्य सामग्री, डीजल-पेट्रोल, एलपीजी तथा अन्य आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता एवं मूल्य स्थिति पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए, ताकि जनता को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
उन्होंने आवश्यक वस्तुओं की कालाबाजारी, जमाखोरी और कृत्रिम अभाव उत्पन्न करने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए। मुख्य सचिव ने कहा कि बाजारों, गोदामों और थोक विक्रेताओं के यहां नियमित निरीक्षण अभियान चलाए जाएं तथा अनियमितता पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
मुख्य सचिव ने कहा कि प्रदेश सरकार बाजार व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और आमजन को राहत प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विशेष रूप से चारधाम यात्रा से जुड़े जनपदों में आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता और मूल्य नियंत्रण पर विशेष ध्यान देने को कहा।
बैठक में चीफ मार्केटिंग ऑफिसर एम.एस. विसेन, रीजनल मार्केटिंग ऑफिसर सी.एम. घिल्डियाल तथा उपायुक्त निधि रावत सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

