श्री झण्डाजी महोत्सव में उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़

WhatsApp Channel Join Now
श्री झण्डाजी महोत्सव में उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़


देहरादून, 15 मार्च (हि.स.)। श्री दरबार साहिब परिसर में श्री झण्डा जी के आरोहण के साथ शुरू हुआ ऐतिहासिक महोत्सव इन दिनों अपने उत्कर्ष पर है। रविवार होने के कारण मेले में आजश्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। देश-विदेश से आई संगतें आरोहण के बाद अपने-अपने क्षेत्रों को लौट चुकी हैं, लेकिन अब देहरादून और आसपास के क्षेत्रों से श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है।

श्रद्धालु बड़ी आस्था के साथ झण्डा जी और दरबार श्री गुरु राम राय जी महाराज में माथा टेककर आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं। इससे मेले की रौनक और भी बढ़ गई है। मेला का पहला रविवार होने के कारण मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। अवकाश का दिन होने के चलते सुबह से ही दरबार साहिब परिसर और मेला स्थल पर चहल-पहल बनी रही। शनिवार को भी दून और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दरबार श्री गुरु राम राय जी महाराज पहुंचे और श्री झण्डा जी पर शीश नवाकर मनौतियां मांगीं।

दरबार श्री गुरु राम राय जी महाराज के सज्जादे गद्दीनशीन श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने श्रद्धालुओं को दर्शन देकर आशीर्वाद प्रदान किया और श्री झण्डे जी मेले की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि श्री गुरु राम राय जी महाराज की कृपा से हर भक्त की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।

महोत्सव के अवसर पर लगा विशाल बाजार इन दिनों दूनवासियों से गुलजार है। मेले में दूर-दराज से आए व्यापारियों की दुकानों पर खरीदारी के लिए लोगों की अच्छी-खासी भीड़ देखी जा रही है। रंग-बिरंगी दुकानों, पारंपरिक वस्तुओं,खिलौनों,मिठाइयों और घरेलू सामान की खरीदारी करते हुए लोग मेले का आनंद ले रहे हैं।

मेले में लगे विभिन्न झूले और मनोरंजन के साधन बच्चों और युवाओं के लिए आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। झूलों की रौनक और बच्चों की खिलखिलाहट से पूरे मेले का वातावरण जीवंत नजर आ रहा है।

वहीं दरबार साहिब स्थित पवित्र सरोवर की सुंदरता भी इन दिनों देखते ही बन रही है। आकर्षक विद्युत सज्जा से जगमगाता सरोवर रात के समय मनमोहक दृश्य प्रस्तुत कर रहा है। श्रद्धालु सरोवर के आसपास रुककर इस दृश्य को निहारते और परिवार व मित्रों के साथ तस्वीरें लेते दिखाई दे रहे हैं।

शाम ढलते ही मेला स्थल की रौनक और बढ़ जाती है। श्रद्धालु दर्शन के साथ-साथ मेले की चहल-पहल और बाजार की रौनक का भी आनंद लेते नजर आते हैं। आस्था,उल्लास और सांस्कृतिक रंगों से सजा यह ऐतिहासिक मेला दूनवासियों और बाहर से आए आगंतुकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story