आठ मार्च को होगा श्री झण्डा जी का आरोहण, 27 मार्च तक चलेगा ऐतिहासिक मेला
देहरादून, 28 फरवरी (हि. स.)। ऐतिहासिक श्री झंडाजी मेला 25 फरवरी से शुरू हो गया है। मेला 27 मार्च तक चलेगाऔर इसी 8 मार्च को देहरादून स्थित दरबार श्री गुरु राम राय जी महाराज परिसर में श्री झण्डेजी का आरोहण किया जाएगा। आराेहण के साथ इस वर्ष के मेले का विधिवत शुभारंभ हो जाएगा। यह मेला केवल धार्मिक आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, सेवा भावना और सांस्कृतिक एकता का भी प्रतीक है।
मेला समिति के अनुसार एक माह तक चलने वाला श्री झंडाजी मेला 25 फरवरी से शुरू होकर 27 मार्च तक चलेगा, जिसमें विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान, नगर परिक्रमा, भजन-कीर्तन और पारंपरिक रस्में संपन्न होंगी। 28 फरवरी (शनिवार) और 1 मार्च (रविवार) को पैदल संगत का स्वागत, भजन-कीर्तन और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 3 मार्च को होली पर्व मनाया जाएगा। 5 मार्च को झंडा के आरोहण लिए तैयार पवित्र ध्वजदंड को संगत की ओर से गाजे-बाजे के साथ लाया जाएगा। 7 मार्च को पूर्वी संगत का स्वागत एवं आशीर्वाद कार्यक्रम होगा। 8 मार्च (रविवार) को प्रातः श्री झंडाजी को उतारने, स्नान कराने और गिलाफ चढ़ाने की परंपरागत रस्में निभाई जाएंगी और सायंकाल पुनः आरोहण किया जाएगा। 9 मार्च को श्रद्धालुओं मत्था टेकने एवं आशीर्वाद प्राप्त करने का कार्यक्रम रहेगा। 10 मार्च (मंगलवार) को प्रातः 7:30 बजे नगर परिक्रमा निकाली जाएगी, जो विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगी। दोपहर 12 बजे पैदल संगत एवं महंतों को प्रसाद वितरण के साथ विदाई दी जाएगी। शहंशाही आश्रम में 27 मार्च को श्री झण्डाजी मेला का समापन होगा। मेले में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है, जिसके मद्देनजर व्यवस्थाएं की जा रही है।
महंत देवेन्द्र दास महाराज ने मेले की व्यवस्थाओं को लेकर मेला संचालन कमेटी को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि श्री झण्डा मेला श्रद्धा, समर्पण और गुरु परंपरा की जीवंत अभिव्यक्ति है, जिसमें देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु शामिल होते है।
श्री झण्डाजी मेला अधिकारी विजय गुलाटी ने बताया कि मेले की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। दरबार परिसर को आकर्षक विद्युत सज्जा, पुष्प अलंकरण और भव्य प्रवेश द्वारों से सजाया जा रहा है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, चिकित्सा, सुरक्षा, स्वच्छता और यातायात की विशेष व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। परंपरा के तहत 25 फरवरी को श्री दरबार साहिब से हुक्मनामा लेकर पुजारी बड़ागांव, हरियाणा के लिए रवाना हुए थे। हरियाणा के अराईंयावाला में दरबार श्री गुरु राम राय जी महाराज से जुड़े श्रद्धालुओं की उपस्थिति में श्री झण्डे जी का विधिवत आरोहण किया गया। जयकारों से पूरा क्षेत्र गुंजायमान हो उठा और हजारों संगतें भाव-विभोर नजर आई। इससे पूर्व दरबार परिसर में श्री झण्डा साहिब की विशेष पूजा-अर्चना और अरदास संपन्न हुई। इसके पश्चात पैदल संगत देहरादून की ओर प्रस्थान करती है। 28 फरवरी को पैदल संगत का स्वागत सहसपुर स्थित श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल में किया जाएगा, जबकि 01 मार्च को संगत देहरादून में प्रवेश करेगी। कांवली गांव और दर्शनी गेट पर बैंड-बाजों और जयकारों के साथ संगत का भव्य स्वागत किया जाएगा। इस अवसर पर भजन-कीर्तन एवं विशेष अरदास का आयोजन भी होगा।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

