क्वाली पंचायत चढ़ाएगी देवलेश्वर महादेव को शिव ध्वजा

WhatsApp Channel Join Now
क्वाली पंचायत चढ़ाएगी देवलेश्वर महादेव को शिव ध्वजा


पौड़ी गढ़वाल, 03 अक्टूबर (हि.स.)।गगवाड़स्यूं घाटी के बलोड़ी गांव स्थित सिद्धपीठ श्री देवलेश्वर महादेव मंदिर में इस बार ग्राम पंचायत क्वाली की ओर से शिव ध्वजा समर्पित की जाएगी। आगामी 20 नवंबर को शिव ध्वजा चढ़ाने के साथ पांच दिवसीय बैकुंठ चतुर्दशी मेले का शुभारंभ होगा। मेला 24 नवंबर तक चलेगा। मंदिर समिति ने आयोजन को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं।

सिद्धपीठ श्री देवलेश्वर महादेव मंदिर समिति के संयोजक जगत किशोर बड़थ्वाल ने क्वाली ग्राम पंचायत पहुंचकर ग्राम प्रधान कैलाश सुंदरियाल और ग्रामीणों को कच्ची शिव ध्वजा सौंपी। इस बार पहली बार किसी एक गांव के बजाय ग्राम पंचायत को सामूहिक सहमति से शिव ध्वजा अर्पित करने का अवसर दिया गया है। क्वाली घाटी की सबसे दूरस्थ ग्राम पंचायत है। पंचायत के क्वाली, मंजेड़ा और बणगांव तल्ला गांवों के ग्रामीण करीब 14 किलोमीटर दूर से शिव ध्वजा लेकर मंदिर पहुंचेंगे।

यह मंदिर में अर्पित होने वाली 11वीं शिव ध्वजा होगी। ग्रामीणों ने पंचायत को यह जिम्मेदारी मिलने पर खुशी जताई। मेले में खेल, सांस्कृतिक कार्यक्रम, आस्था से जुड़े आयोजन और महिला कीर्तन समेत विभिन्न कार्यक्रम होंगे।

समिति संयोजक जगत किशोर बड़थ्वाल ने बताया कि वर्ष 2016 में गगवाड़स्यूं घाटी के 34 गांवों के ग्रामीणों के सामूहिक प्रयास से बैकुंठ चतुर्दशी मेले की शुरुआत हुई थी। शिव ध्वजा चढ़ाने की परंपरा ने बीते वर्षों में घाटी के ग्रामीणों के साथ ही प्रवासी ग्रामीणों को भी एक सूत्र में जोड़ा है। क्षेत्र के ग्रामीण वर्षभर इस आयोजन का इंतजार करते हैं।

उन्होंने बताया कि पहली शिव ध्वजा उजियाड़ी गांव के ग्रामीणों ने 48 फीट ऊंची चढ़ाई थी। इसके बाद वर्ष 2017 में तमलाग से 54 फीट और वर्ष 2018 में 58 फीट ऊंची शिव ध्वजा अर्पित की गई। वर्ष 2019 में गगवाड़ा, 2021 में बौंसरी, 2022 में धनाऊ मल्ला, 2023 में ननकोट, 2024 में बुडोली और 2025 में डांग गांव के ग्रामीणों ने भगवान भोलेनाथ को शिव ध्वजा अर्पित की थी।

क्वाली पंचायत को शिव ध्वजा का निमंत्रण देने वालों में मुख्य पुजारी सुधीर चंद्र बड़थ्वाल, सचिव नागेंद्र जुगराण, पूर्व अध्यक्ष केशर सिंह कठैत, राजेंद्र सिंह राणा, कल्पेश्वर, पंकज रुडोला, सुदर्शन नेगी और प्रदीप सजवाण आदि शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story