24 घंटे में दो फायरिंग की घटनाओं से दहला लक्सर

WhatsApp Channel Join Now
24 घंटे में दो फायरिंग की घटनाओं से दहला लक्सर


हरिद्वार, 09 जून (हि.स.)। लक्सर बाजार चौकी क्षेत्र में 24 घंटे के भीतर दो अलग-अलग स्थानों पर फायरिंग की घटनाओं की सूचना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। लगातार सामने आ रही आपराधिक घटनाओं ने पुलिस की सतर्कता और बाजार चौकी की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में पुलिस गश्त और निगरानी व्यवस्था पर्याप्त नहीं है, जिससे असामाजिक तत्वों के हौसले बढ़ रहे हैं।

जानकारी के अनुसार पहली घटना सोमवार देर रात सोसाइटी रोड क्षेत्र में सामने आई, जहां फायरिंग की सूचना से आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। वहीं दूसरी घटना आज दोपहर बाजार चौकी क्षेत्र के लक्सरी गांव में हुई। आरोप है कि कुछ दबंग युवक एक परिवार के घर पहुंचे और पहले से दर्ज शिकायत वापस लेने का दबाव बनाने लगे। विरोध करने पर उन्होंने अभद्रता की, जान से मारने की धमकी दी और घर के बाहर कई राउंड फायरिंग कर दहशत फैलाने का प्रयास किया।

पीड़ित जावेद ने बताया कि फायरिंग होते ही परिवार के सदस्य घर के भीतर छिप गए। घटना के बाद पूरे गांव में भय और तनाव का माहौल बन गया। परिवार का आरोप है कि उन्होंने 29 मई को भी संबंधित आरोपितों के खिलाफ पुलिस को लिखित शिकायत दी थी, लेकिन समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं होने के कारण आरोपितों के हौसले बढ़ गए।

लगातार दो दिनों में फायरिंग की घटनाओं ने क्षेत्र की कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा कर दी हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि पुलिस शिकायतों पर समय से कार्रवाई करती और क्षेत्र में सख्त निगरानी रखती, तो ऐसी घटनाओं को रोका जा सकता था।

इस संबंध में पुलिस क्षेत्राधिकारी देवेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि फायरिंग की घटना की अभी पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन चौकी प्रभारी को आरोपितों की गिरफ्तारी के निर्देश दे दिए गए हैं। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

घटनाओं के बाद क्षेत्र में कई सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि 24 घंटे के भीतर दो फायरिंग की घटनाएं होना सुरक्षा व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न लगाता है। साथ ही यह भी सवाल उठ रहा है कि पूर्व शिकायतों के बावजूद आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं हुई और बढ़ते अपराधों की जिम्मेदारी कौन लेगा।

फिलहाल पूरे मामले पर लोगों की नजर पुलिस जांच और आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई है। क्षेत्रवासी उम्मीद कर रहे हैं कि पुलिस दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाकर कानून-व्यवस्था को मजबूत करेगी और लोगों में सुरक्षा का भरोसा बहाल करेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story