रेलवे स्टेशन पर फायरिंग से मचा हड़कंप, 24 घंटे में तीन आरोपित गिरफ्तार
हरिद्वार, 12 सितंबर (हि.स.)। रेलवे स्टेशन के गेट नंबर 4 के पास फायरिंग कर यात्री की पत्नी को घायल करने के मामले में कोतवाली नगर पुलिस ने 24 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध 12 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया है। मामले में दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस टीमें जुटी हुई हैं।
पुलिस के अनुसार, 10 सितंबर को रेलवे स्टेशन के गेट नंबर 4 के पास कुछ युवकों द्वारा फायरिंग की गई थी। फायरिंग के दौरान एक छर्रा शिकायतकर्ता की पत्नी के दाहिने पैर में लग गया था। घटना के संबंध में 11 सितंबर को सुभाष पुत्र जयपाल, निवासी ऋषिकुल चौक, हरिद्वार ने कोतवाली नगर में तहरीर दी। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की। टीम ने रेलवे स्टेशन और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। सुरागरसी और पतारसी के बाद पुलिस ने 12 सितंबर को टिबड़ी जाने वाली रोड पर रेलवे कॉलोनी जाने वाले तिराहे के पास कच्चे रास्ते से सौरभ कुमार, शिवम और प्रवेश गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान प्रवेश गुप्ता के कब्जे से 12 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। बरामदगी के आधार पर उसके खिलाफ मुकदमे में आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी की गई है।
चाय की ठेली पर विवाद के बाद की फायरिंग
पूछताछ में पुलिस को पता चला कि आरोपितों का रेलवे स्टेशन गेट नंबर 4 के पास चाय की ठेली पर विवाद हुआ था। आरोप है कि इसी दौरान प्रवेश गुप्ता ने लोगों पर प्रभाव जमाने और डराने के उद्देश्य से अपने पास मौजूद हथियार से 6-7 छर्रे हवा में फायर किए। इनमें से एक छर्रा शिकायतकर्ता की पत्नी के पैर में जा लगा। पुलिस ने तीनों आरोपितों के खिलाफ विधिक कार्यवाही करते हुए उनका चालान कर दिया है। वहीं, घटना में शामिल दो अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। गिरफ्तार आरोपितों के नाम पते सौरभ कुमार (19) पुत्र मुकेश कुमार, शिवम (19) पुत्र रमेश, निवासीगण सिमली, माल गोदाम रोड, थाना लक्सर, हरिद्वार व प्रवेश गुप्ता (27) पुत्र संजीव गुप्ता, निवासी ग्राम संवायजपुर, जिला हरदोई, उत्तर प्रदेश बताए गए हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

