हल्द्वानी में फायरिंग से हड़कंप, आरोपित गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
हल्द्वानी में फायरिंग से हड़कंप, आरोपित गिरफ्तार


हल्द्वानी, 26 अप्रैल (हि.स.)। उत्तराखंड के हल्द्वानी शहर के सुभाष नगर क्षेत्र में शनिवार शाम फायरिंग की सनसनीखेज घटना सामने आई, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। रंजिश के चलते एक व्यक्ति ने जान से मारने की नीयत से गोली चला दी। हालांकि, इस हमले में वादी और उसका पोता बाल-बाल बच गए।

पुलिस के अनुसार, कपूर आटा चक्की, सुभाष नगर निवासी कमल परमार ने कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई कि शनिवार शाम करीब 7 बजे मनीष परिहार नामक व्यक्ति कार से पहुंचा और उन पर फायरिंग कर दी। गोली मकान की सीढ़ियों में जा लगी, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

तहरीर के आधार पर पुलिस ने हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी मनीष परिहार को गिरफ्तार कर लिया।

तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से .32 बोर की रिवॉल्वर, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी कृष्णा नगर क्षेत्र का निवासी है और मूल रूप से बागेश्वर जनपद का रहने वाला है।

पुलिस अब घटना के पीछे की वजह और आपसी रंजिश की गहराई से जांच कर रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता

Share this story